Ration Card eKYC : वृद्ध, असहाय और अस्वस्थ राशनकार्डधारकों के लिए बड़ी राहत, अब घर बैठे फेस eKYC की सुविधा शुरू

Ration Card eKYC

Ration Card eKYC

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के अंतर्गत पात्र सभी राशनकार्डधारकों एवं उनके परिवार के सदस्यों के लिए आधार आधारित (Ration Card eKYC) अनिवार्य किया गया है। शासन को यह जानकारी मिल रही थी कि वृद्ध, असहाय एवं अस्वस्थ राशनकार्डधारकों को बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ शासन ने एक अहम निर्णय लेते हुए फेस ऑथेंटिकेशन आधारित eKYC की सुविधा प्रारंभ कर दी है।

इस नई व्यवस्था के तहत अब वृद्ध, असहाय एवं अस्वस्थ राशनकार्डधारक घर बैठे ही अपना (Ration Card eKYC) पूरा कर सकेंगे। शासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र हितग्राही को केवल तकनीकी कारणों से राशन से वंचित न रहना पड़े।

फिंगरप्रिंट समस्या से मिलेगी स्थायी राहत

शासन द्वारा किए गए सर्वे और फील्ड रिपोर्ट्स के अनुसार 70 वर्ष से अधिक आयु के बड़ी संख्या में राशनकार्डधारकों के फिंगरप्रिंट स्पष्ट नहीं आ रहे थे। उम्र बढ़ने, बीमारी, श्रमजनित कार्य और त्वचा संबंधी समस्याओं के कारण बायोमेट्रिक मशीनों पर पहचान सत्यापन असफल हो रहा था। इसके चलते कई हितग्राहियों को राशन लेने में बार-बार परेशानी उठानी पड़ रही थी।

इसी समस्या के समाधान के लिए आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक को (Ration Card eKYC) प्रक्रिया में शामिल किया गया है, जिससे अब केवल चेहरे की पहचान के माध्यम से सत्यापन संभव हो सकेगा।

“मेरा eKYC” मोबाइल एप से होगी प्रक्रिया

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा विकसित “मेरा eKYC” मोबाइल एप के माध्यम से यह सुविधा प्रदान की जा रही है। हितग्राही Google Play Store से Mera eKYC App और Aadhaar FaceRD App डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद आधार नंबर एवं आवश्यक विवरण दर्ज करना होगा।

एप में आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करने के पश्चात फेस eKYC विकल्प का चयन किया जाएगा। मोबाइल कैमरे के माध्यम से चेहरे का स्कैन होते ही पहचान सत्यापित हो जाएगी और eKYC पूर्ण हो जाएगा।

eKYC स्टेटस की जांच भी संभव

हितग्राही एप में आधार नंबर और ओटीपी डालकर यह भी जांच सकते हैं कि उनका eKYC पहले से पूर्ण है या नहीं। यदि eKYC सफलतापूर्वक हो चुका है, तो स्क्रीन पर स्थिति “Y” प्रदर्शित होगी। इससे हितग्राहियों को बार-बार सत्यापन की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

दुकान पर भी रहेगा विकल्प

यदि किसी कारणवश मोबाइल एप के माध्यम से फेस eKYC संभव नहीं हो पाता है, तो राशनकार्डधारक अपने नजदीकी शासकीय उचित मूल्य दुकान में जाकर बायोमेट्रिक (अंगूठा या उंगली निशान) के माध्यम से भी eKYC करा सकते हैं। शासन ने यह सुनिश्चित किया है कि कोई भी हितग्राही विकल्प के अभाव में वंचित न रहे।

राशन वितरण व्यवस्था होगी और मजबूत

इस नई सुविधा से विशेष रूप से वृद्ध, असहाय एवं अस्वस्थ नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें eKYC के लिए दुकानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समय पर राशन प्राप्त करने में कोई बाधा नहीं आएगी। शासन का मानना है कि इससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली अधिक पारदर्शी, सुगम और हितग्राही-केंद्रित बनेगी।