Raipur Smart Parking : राजधानी में पहली मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग तैयार, कम जगह में एक साथ खड़ी होंगी 12 कारें

राजधानी रायपुर में बढ़ती वाहनों की संख्या और पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने महानगरों की तर्ज पर पहला मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग सिस्टम (Raipur Smart Parking) तैयार कर लिया है।
यह अत्याधुनिक पार्किंग निगम मुख्यालय परिसर में बनाई गई है और इसे एक सप्ताह के भीतर शुरू करने की तैयारी है। शुरुआती चरण में इस पार्किंग का उपयोग नगर निगम की गाड़ियों के लिए किया जाएगा, जिससे परिसर में अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या खत्म होगी और जगह का बेहतर उपयोग संभव हो सकेगा।
करीब 20 लाख रुपये की लागत से तैयार इस मैकेनाइज्ड पार्किंग में एक साथ 12 कारों को खड़ा करने की सुविधा होगी। इसमें हाइड्रोलिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिसके जरिए कम जगह में वाहनों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से मल्टीलेवल पर पार्क किया (Raipur Smart Parking) जा सकता है।
इस सिस्टम के शुरू होने से न केवल जगह की बचत होगी, बल्कि वाहनों की सुरक्षा और पार्किंग प्रबंधन भी बेहतर होगा। नगर निगम के अधीक्षक अभियंता इमरान खान के अनुसार पार्किंग का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही इसे निगम को हैंडओवर कर दिया जाएगा।
नगर निगम शहर में आधुनिक पार्किंग व्यवस्था विकसित करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। इसी क्रम में पंडरी स्थित महालक्ष्मी मार्केट के पास भी एक और मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जा रही है, जिसकी क्षमता 16 कारों की होगी। व्यस्त बाजार क्षेत्र में बनने वाली यह पार्किंग आम नागरिकों के लिए राहत साबित होगी और सड़क किनारे अनियंत्रित पार्किंग की समस्या को कम करने में मदद करेगी।
रायपुर में मैकेनाइज्ड पार्किंग सिस्टम की शुरुआत को स्मार्ट सिटी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नगर निगम (Raipur Smart Parking) का मानना है कि भविष्य में शहर के अन्य व्यस्त इलाकों में भी ऐसे आधुनिक पार्किंग सिस्टम विकसित किए जा सकते हैं, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और शहर को व्यवस्थित एवं आधुनिक स्वरूप देने में मदद मिलेगी।



