छत्तीसगढ़

Raipur Nightlife Controversy : रायपुर के पियानो क्लब में ‘रोडीज’ फेम स्टार्स का हंगामा, युवतियों को शराब पिलाते वीडियो वायरल, पुलिस ने आधी रात रुकवाई पार्टी

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का नाइट लाइफ कल्चर एक बार फिर विवादों में है। सोमवार की देर रात सेरीखेड़ी स्थित ‘पियानो क्लब’ में आयोजित एक हाई-प्रोफाइल पार्टी में नियमों की जमकर धज्जियां (Raipur Nightlife Controversy) उड़ाई गईं।

इस पार्टी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एमटीवी रोडीज (Roadies) फेम श्रेया कालरा और ऋषभ जायसवाल नजर आ रहे हैं। वीडियो में ये सितारे युवतियों को शराब पिलाते हुए दिख रहे हैं, जिसके बाद पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है।

‘दारू पियो, ऐश करो’ के नारों के साथ पार्टी (Raipur Nightlife Controversy)

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि क्लब के अंदर तेज म्यूजिक और चकाचौंध के बीच शराब का खुला दौर चल रहा था। वीडियो में श्रेया कालरा कथित तौर पर ‘दारू पियो, ऐश करो’ कहते हुए युवाओं को शराब पीने के लिए उकसा रही हैं। भारी भीड़ और नशे के इस माहौल की जानकारी जैसे ही स्थानीय निवासियों को मिली, उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।

आधी रात को पुलिस की रेड

यह पूरी घटना मंदिर हसौद थाना क्षेत्र की है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम रात करीब 12:30 बजे पियानो क्लब पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही वहां हड़कंप मच गया। प्रशासन द्वारा नाइट क्लबों के संचालन के लिए जो समय सीमा तय की गई है, यह पार्टी उसके बाद भी धड़ल्ले से जारी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संगीत बंद कराया और पार्टी रुकवाकर भीड़ को तितर-बितर किया।

प्रशासनिक जांच और क्लब पर कार्रवाई की तैयारी

रायपुर पुलिस ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। मंदिर हसौद पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता जांची जा रही है और यह देखा जा रहा है कि वहां परोसा गया नशा और समय सीमा का उल्लंघन किस हद तक था। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो क्लब प्रबंधन का लाइसेंस रद्द करने या भारी जुर्माना लगाने जैसी कार्रवाई की जा सकती है।

क्या कहते हैं नियम?

रायपुर में कानून व्यवस्था और युवाओं की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने नाइट क्लबों और होटलों के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। निर्धारित समय के बाद शराब परोसना और तेज आवाज में डीजे बजाना दंडनीय अपराध है। रोडीज फेम सितारों के इस कृत्य ने एक बार फिर सेलिब्रिटी इन्फ्लुएंसर्स की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button