Raipur City Gas Project : CM विष्णुदेव साय ने सिटी गैस परियोजना की शुरुआत की, CNG वाहनों को दिखाई हरी झंडी
Raipur City Gas Project
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का शुभारंभ (Raipur City Gas Project) किया। इस मौके पर उन्होंने सीएनजी युक्त वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और रायपुर नगर निगम की पहली पाइपलाइन गैस उपभोक्ता पूनम चौबे से संवाद कर घरेलू उपयोग में पाइपलाइन गैस की सुविधा की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपने गठन के 25 वर्ष पूरे कर रजत जयंती वर्ष मना रहा है और इस दौरान विकास के कई नए आयाम स्थापित हुए हैं। सिटी गैस अवसंरचना परियोजना को उन्होंने इस विकास यात्रा की नई उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक अधोसंरचना की दिशा में प्रदेश का सशक्त कदम है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब मेट्रो शहरों की तर्ज पर डीपीएनजी (डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस) के माध्यम से घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सीधे पाइपलाइन से गैस उपलब्ध (Raipur City Gas Project) होगी। इससे सिलेंडर रिफिलिंग की झंझट खत्म होगी और सुरक्षा भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि सस्ती और सुलभ ऊर्जा मिलने से उद्योगों को गति मिलेगी और निवेश की संभावनाएं मजबूत होंगी।
उन्होंने एचसीजी समूह को बधाई देते हुए अपेक्षा जताई कि रायपुर के साथ-साथ बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में भी सीएनजी स्टेशनों का व्यापक नेटवर्क विकसित किया जाएगा। वाहनों में सीएनजी के उपयोग से प्रदूषण में कमी आएगी और आम नागरिकों के ईंधन खर्च में राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हालिया राज्य बजट में अधोसंरचना विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वच्छ ईंधन अपनाने और हरित, विकसित एवं आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहयोग की अपील की।
उल्लेखनीय है कि सिटी गैस अवसंरचना परियोजना रायपुर, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में शुरू (Raipur City Gas Project) की गई है। इसके तहत घरेलू और व्यावसायिक उपयोग के लिए पीएनजी तथा वाहनों के लिए सीएनजी उपलब्ध कराई जाएगी।
