पांच आरोपी और एक बालक गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा व केटीएम समेत 2.50 लाख के वाहन जब्त
Crime News: रायपुर। राजधानी के पुरानी बस्ती और टिकरापारा क्षेत्र में लूट की दो वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को भी पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा और केटीएम बाइक समेत करीब 2.50 लाख रुपए कीमत के दो वाहन जब्त किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने दोनों थाना क्षेत्रों में लूट की वारदात करना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार 4 सितंबर की सुबह पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में महामाई फैंसी स्टोर्स के पास दो युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे थे। उन्होंने एक व्यक्ति का रास्ता रोककर उसे डराया-धमकाया और उसकी फूलपेंट की जेब में रखे 2 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। शिकायत पर पुरानी बस्ती थाने में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।
इसी दिन सुबह टिकरापारा थाना क्षेत्र के मठपारा स्थित दुर्गा चौक के पास भी छह अज्ञात आरोपियों ने एक व्यक्ति को चाकू से डराकर उसका मोबाइल फोन और 1900 रुपए नकद लूट लिए थे। इस मामले में टिकरापारा थाने में अपराध दर्ज किया गया था। लगातार हुई लूट की दोनों घटनाओं को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश तेज की।
पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त पश्चिम रॉबिन्सन गुरिया के निर्देश पर संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने दोनों घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पीड़ितों से आरोपियों के हुलिए, वाहनों और वारदात के तरीके की जानकारी जुटाई गई। इसके साथ ही पूर्व में लूट की घटनाओं में शामिल आरोपियों की जानकारी एकत्र कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने गजेन्द्र यादव उर्फ गोल्डी, डिगेन्द्र ध्रुव उर्फ बब्बू, रितेश विश्वास, भवम साहू और सुभेद कुमार हुमने उर्फ सुमेन को पकड़ा। इनके साथ विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को भी पकड़ा गया। पूछताछ में पुरानी बस्ती की लूट स्वीकार करने के साथ आरोपियों ने टिकरापारा क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदात करना बताया।
दो वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट में इस्तेमाल एक्टिवा क्रमांक सीजी 04 एलएच 5812 और बिना नंबर की केटीएम बाइक जब्त की है। दोनों वाहनों की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अन्य लूट तथा आपराधिक घटनाओं में उनकी भूमिका की जानकारी जुटाई जा रही है।
पहले भी आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गजेन्द्र यादव उर्फ गोल्डी पूर्व में कोतवाली थाना क्षेत्र के हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। वहीं डिगेन्द्र ध्रुव उर्फ बब्बू भी टिकरापारा थाने के एक मामले में जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों में गजेन्द्र यादव उर्फ गोल्डी (21), डिगेन्द्र ध्रुव उर्फ बब्बू (19), रितेश विश्वास (32), भवम साहू (21) और सुभेद कुमार हुमने उर्फ सुमेन (19) शामिल हैं। इनके साथ एक विधि के साथ संघर्षरत बालक को भी पुलिस ने पकड़ा है।
