गलियों में बाइक गश्त, आसमान से ड्रोन की नजर, गणेशोत्सव पर वेस्ट जोन में दोहरा सुरक्षा घेरा

रायपुर। गणेशोत्सव के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस ने मंगलवार शाम वेस्ट जोन में विशेष सुरक्षा अभियान चलाया। संकरी गलियों से लेकर भीड़भाड़ वाले बाजारों और प्रमुख चौराहों तक पुलिस की बाइक टीमों ने सघन गश्त की, वहीं ड्रोन के जरिए आसमान से भी लगातार निगरानी रखी गई। अभियान की कमान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्वयं संभाली।

डीसीपी वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुड़िया और एडीसीपी राहुल देव शर्मा बाइक गश्त में शामिल रहे। सहायक पुलिस आयुक्त ईशू अग्रवाल और देवांश राठौर भी अपने-अपने क्षेत्रों में बाइक टीमों के साथ मौजूद रहे। आजाद चौक थाना प्रभारी अर्चना धुरंधर, सरस्वती नगर थाना प्रभारी पारस पटेल और पुरानी बस्ती थाना प्रभारी विनय सिंह बघेल ने भी बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ अपने थाना क्षेत्रों में गश्त की।

तंग गलियों में पहुंची बाइक टीम

गणेशोत्सव के दौरान पंडालों के आसपास बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। ऐसे में उन इलाकों को विशेष रूप से निगरानी में रखा गया, जहां चार पहिया वाहन आसानी से नहीं पहुंच सकते। पंडालों के पीछे की संकरी गलियां, ठेला-बाजार और घनी आबादी वाले मोहल्लों में बाइक टीमों ने लगातार गश्त की। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों के साथ सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, महिलाओं से छेड़छाड़ और वाहन चोरी की आशंका वाले स्थानों पर भी विशेष नजर रखी।

ड्रोन से आसमान से निगरानी

जमीन पर पुलिस की गश्त के साथ प्रमुख गणेश पंडालों, बाजारों और व्यस्त चौराहों पर ड्रोन के माध्यम से निगरानी की गई। ड्रोन से भीड़ का बढ़ता दबाव और वाहनों की लंबी कतार जैसे हालात तत्काल सामने आए। ऐसे स्थानों पर पुलिस बल भेजकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया गया। विसर्जन मार्गों पर भी ड्रोन से नजर रखी गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों की प्रत्यक्ष मौजूदगी, बड़ी संख्या में पुलिस बल, बाइक गश्त और ड्रोन निगरानी से गणेशोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। अभियान पर्व समाप्त होने तक प्रतिदिन इसी तरह जारी रहेगा।

संदिग्ध गतिविधि की सूचना 112 पर दें

रायपुर पुलिस ने गणेश पंडाल समितियों से अपने वालंटियर्स की सूची संबंधित थानों में उपलब्ध कराने की अपील की है। साथ ही नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना डायल 112 पर देने और यातायात नियमों का पालन करने कहा गया है।

Exit mobile version