छत्तीसगढ़

Public Health Achievement Chhattisgarh : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छग ने रचा इतिहास, रायपुर की IPHL बनी देश की पहली NQAS प्रमाणित प्रयोगशाला

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। जिला अस्पताल रायपुर स्थित इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेटरी (IPHL) को नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स (NQAS) का प्रमाणन प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही रायपुर की IPHL देश की पहली ऐसी प्रयोगशाला बन गई है, जिसे यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन हासिल हुआ है।

https://youtu.be/F9poNQALsdo

इस उपलब्धि पर केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने छत्तीसगढ़ सरकार को बधाई दी है। उन्होंने इसे सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में राज्य की उल्लेखनीय राष्ट्रीय उपलब्धि बताया है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री का पत्र: गुणवत्ता और प्रतिबद्धता की सराहना

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को लिखे पत्र में उल्लेख किया कि रायपुर IPHL को मिला NQAS प्रमाणन राज्य की विश्वसनीय, गुणवत्तापूर्ण और क्वालिटी-अश्योर्ड डायग्नोस्टिक सेवाएँ उपलब्ध कराने की बढ़ती क्षमता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल छत्तीसगढ़ सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है, बल्कि रायपुर जिला अस्पताल के डॉक्टरों, लैब तकनीशियनों और स्वास्थ्यकर्मियों के समर्पण को भी उजागर करती है।

PM-ABHIM मिशन का अहम घटक बनी IPHL

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि IPHL की स्थापना प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अधोसंरचना मिशन (PM-ABHIM) का एक महत्वपूर्ण घटक है। यह मिशन देशभर में स्वास्थ्य निगरानी, प्रयोगशाला नेटवर्क और आपदा तैयारी प्रणाली को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रायपुर IPHL को मिला NQAS प्रमाणन इस बात की पुष्टि करता है कि प्रयोगशाला ने मानव संसाधन, अत्याधुनिक उपकरणों और उन्नत अवसंरचना के बेहतर समन्वय के साथ राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों को सफलतापूर्वक हासिल किया है।

अन्य राज्यों के लिए मॉडल बनेगा रायपुर IPHL

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि रायपुर IPHL की यह उपलब्धि अन्य राज्यों के लिए एक राष्ट्रीय मानक स्थापित करती है। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार से आग्रह किया कि इस मॉडल को “बेस्ट प्रैक्टिस” के रूप में अपनाते हुए राज्य के अन्य जिलों और क्षेत्रों में भी उच्च गुणवत्ता वाली डायग्नोस्टिक सेवाओं का विस्तार किया जाए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय: स्वास्थ्य प्रणाली सुदृढ़ करने का संकल्प

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि रायपुर IPHL को मिला NQAS प्रमाणन छत्तीसगढ़ की सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जिलों में गुणवत्तापूर्ण प्रयोगशाला एवं डायग्नोस्टिक सेवाओं का निरंतर विस्तार करेगी, ताकि हर नागरिक को समयबद्ध, सटीक और विश्वसनीय जांच सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें। यह उपलब्धि तकनीक-सक्षम और मानक-आधारित सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली की ओर राज्य के निरंतर प्रयासों को भी दर्शाती है।

https://youtu.be/86PhZghGtuU

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल: ऐतिहासिक उपलब्धि

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि रायपुर IPHL को मिला NQAS प्रमाणन छत्तीसगढ़ की संपूर्ण स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह सफलता प्रयोगशाला सेवाओं के मानकीकरण, गुणवत्ता आश्वासन, प्रशिक्षित मानव संसाधन, आधुनिक उपकरणों और मजबूत अधोसंरचना के क्षेत्र में किए गए सतत सुधारों का प्रतिफल है। स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह उपलब्धि केवल एक संस्थान की नहीं, बल्कि डॉक्टरों, लैब तकनीशियनों, पैरामेडिकल स्टाफ और जिला अस्पताल रायपुर की पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। राज्य के अन्य जिलों में भी IPHL को इसी मॉडल पर विकसित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button