कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया और प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि भगवान राम के नाम पर किसी भी तरह का भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं किया जा सकता। खेड़ा अभनपुर में आयोजित कांग्रेस शहर व जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने रायपुर पहुंचे थे। शनिवार देर रात राजधानी के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने अयोध्या राम मंदिर और स्वतंत्रता आंदोलन को लेकर संघ को जमकर आड़े हाथों लिया।
राम के नाम पर सत्ता भी और चोरी भी, यह संभव नहीं
विमानतल पर पत्रकारों से चर्चा के दौरान पवन खेड़ा ने अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी के मामले पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूरा राम मंदिर ट्रस्ट राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का एक ऐसा प्रयोग था, जो पूरी तरह उनकी निगरानी में था। इसके साथ ही इसकी गतिविधियों पर प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की भी सीधी नजर रही है। खेड़ा ने भावुक अंदाज में कहा कि जिन भगवान राम ने सिद्धांतों के लिए अपना पूरा राजपाठ छोड़ दिया, उनके नाम पर कुछ लोग सत्ता भी हासिल करेंगे और चोरी भी करेंगे, यह देश स्वीकार नहीं करेगा।
स्वतंत्रता आंदोलन और इतिहास में संघ का कोई योगदान नहीं
आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार द्वारा महात्मा गांधी को लेकर दिए गए हालिया बयान पर पलटवार करते हुए पवन खेड़ा ने संघ के इतिहास पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन और इतिहास में आरएसएस का कोई योगदान नहीं रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या से लेकर उज्जैन तक सामने आई हालिया घटनाएं संघ की कार्यप्रणाली को उजागर करती हैं। ऐसे संगठनों ने हमेशा देश और हिंदू समाज को सिर्फ नुकसान पहुंचाने का काम किया है।
डिजिटल दौर में कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण जरूरी
अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के इस विशेष आयोजन को लेकर उन्होंने खुशी जाहिर की। पवन खेड़ा ने कहा कि आज के इंटरनेट और सोशल मीडिया के दौर में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का प्रशिक्षण बेहद जरूरी हो गया है। इस प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से पार्टी के विचारों और जनता के मुद्दों को सही तरीके से जमीन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
