Paper Leak : 12वीं हिंदी प्रश्नपत्र मामले में आखिर पुलिस के हाथ कैसे लगा मुख्य आरोपी, छात्रों से रकम लेने का खुलासा

रायपुर में बारहवीं हिंदी प्रश्नपत्र मामले को लेकर पिछले कई दिनों से हलचल (Paper Leak) बनी हुई थी। परीक्षा से जुड़े इस मामले की चर्चा छात्रों से लेकर अभिभावकों तक में लगातार हो रही थी। सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र वायरल होने के बाद शिक्षा जगत में बेचैनी का माहौल था और पुलिस की गतिविधियां भी अचानक तेज हो गई थीं। इसी बीच मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही पूरे मामले ने फिर से तूल पकड़ लिया।
क्राइम ब्रांच और कोतवाली थाना की टीम पिछले कई दिनों से आरोपी की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान पुलिस लगातार डिजिटल सुराग खंगाल रही थी। बताया जा रहा है कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल डेटा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड मिटाने में लगा हुआ था, लेकिन तकनीकी जांच के जरिए पुलिस आखिरकार उस तक पहुंच गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था प्रश्नपत्र : Paper Leak
पुलिस के मुताबिक बारहवीं हिंदी विषय का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने की जानकारी मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ अपराध कायम कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई थी, जो लगातार तकनीकी और तथ्यात्मक जांच में जुटी रही।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मामले से जुड़े कुछ लोग डिजिटल सबूत मिटाने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद साइबर तकनीक की मदद से मोबाइल चैट, डिलीट डेटा, सोशल मीडिया गतिविधियां और पैसों के लेनदेन की जानकारी जुटाई गई।
कई छात्रों से पूछताछ के बाद मिला सुराग
लगातार जांच के दौरान पुलिस ने करीब 50 से ज्यादा छात्रों और अन्य लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान मुख्य आरोपी वेणु उर्फ वेणु जंघेल का नाम सामने आया। आरोपी बेमेतरा जिले के ग्राम बरसरा का रहने वाला बताया गया है और फिलहाल रायपुर के गोकुल नगर इलाके में रह रहा था।
छात्रों से लिए जाते थे पैसे
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी छात्रों को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के बदले करीब 3000 रुपये तक वसूलता (Paper Leak) था। मामला दर्ज होने के बाद से वह लगातार फरार था। बताया गया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को खत्म करने में जुटा हुआ था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5000 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
बिलासपुर से हुई गिरफ्तारी
तकनीकी निगरानी, डिजिटल ट्रैकिंग और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस ने आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने प्रश्नपत्र फैलाने के तरीके, आर्थिक लेनदेन और अन्य लोगों की भूमिका से जुड़ी कई अहम जानकारियां दी हैं। पुलिस अब उन जानकारियों की जांच कर रही है। मामले में मिले डिजिटल साक्ष्यों और रिकवर किए गए डेटा के आधार पर अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
आगे और गिरफ्तारी की संभावना
पुलिस का कहना है कि मामले में अभी जांच जारी है और आने वाले दिनों में कुछ और लोगों की गिरफ्तारी (Paper Leak) हो सकती है। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई कोतवाली पुलिस कर रही है।


