पाकिस्तान के राजदूत बोले- भारत कभी भी पाक के किसी भी इलाके पर हमला कर सकता है, हमारे पास पुख्ता सबूत…

Muhammad Khalid Jamali, Ambassador of Pakistan
-भारत और पाकिस्तान दोनों परमाणु-सशस्त्र देश
कराची/ए.। Muhammad Khalid Jamali, Ambassador of Pakistan: पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। इस बीच पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत को परमाणु हमले की खोखली धमकी दी है। यह धमकी रूस में पाकिस्तान के राजदूत मोहम्मद खालिद जमाली ने दी है। खालिद जमाली ने कहा है कि अगर भारत पाकिस्तान पर हमला करता है या सिंधु नदी का पानी रोकता है तो पाकिस्तान न केवल पारंपरिक हथियारों से बल्कि परमाणु हथियारों से भी जवाब देगा।
एक रूसी टीवी चैनल ने उनका साक्षात्कार लिया। इसमें पाकिस्तानी राजदूत (Muhammad Khalid Jamali, Ambassador of Pakistan) ने कहा कि हमारे पास भारत द्वारा सैन्य कार्रवाई की योजना बनाने के ठोस सबूत हैं। कुछ लीक हुए दस्तावेजों के अनुसार पाकिस्तान के कुछ हिस्सों पर हमला करने की योजना बनाई गई है। उन्होंने दावा किया कि यह हमला जल्द ही हो सकता है, यह कभी भी हो सकता है। पाकिस्तान किसी भी हमले का पूरी ताकत से जवाब देगा। उन्होंने कहा कि इसमें पारंपरिक और परमाणु शस्त्र शामिल होंगे।
उन्होंने सिंधु जल संधि के निलंबन पर भी टिप्पणी की। यदि भारत निचले इलाकों में पानी रोक देता है तो इसे पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा और हम सैन्य कार्रवाई से जवाब देंगे। भारत और पाकिस्तान दोनों परमाणु-सशस्त्र देश हैं। इसके लिए इस तनाव को कम करना आवश्यक है। कश्मीर हमले की तटस्थ एवं विश्वसनीय वैश्विक जांच होनी चाहिए। पाकिस्तानी राजदूत जमाली ने यह भी मांग की कि चीन और रूस इसमें अग्रणी भूमिका निभाएं।
पाकिस्तान के खिलाफ भारत के कड़े कदम
22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकवादी हमला हुआ जिसमें 26 निर्दोष पर्यटक मारे गये। इस घटना के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष अपने चरम पर पहुंच गया है। इस हमले के विरोध में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़े कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आतंकवाद से लडऩे के लिए भारतीय सेना को खुली छूट दे दी है। इतना ही नहीं प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवादियों और उनकी मदद करने वालों को भी सीधी चेतावनी दी है।