Nautapa 2026 : आज से शुरू हुआ नौतपा, छत्तीसगढ़ में बढ़ी बेचैनी, अगले 4 दिन नहीं मिलेगी राहत

छत्तीसगढ़ में सोमवार से नौतपा शुरू होते ही गर्मी ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा (Nautapa 2026) दी हैं। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर महसूस किया जा रहा है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा है। रात में भी गर्म हवा चलने से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।
बीते कुछ दिनों से लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच अब मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक लू चलने की चेतावनी दी है। कई इलाकों में लोग गर्मी से बेहाल नजर आ रहे हैं और अस्पतालों में भी गर्मी से जुड़ी परेशानियों वाले मरीज बढ़ने लगे हैं।
रायपुर समेत कई जिलों में लू का असर : Nautapa 2026
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले चार दिनों तक हीटवेव का असर बना रहेगा। रायपुर में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया है जबकि राजनांदगांव में सबसे ज्यादा 45.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। दुर्ग, बलौदाबाजार, महासमुंद और आसपास के जिलों में भी दोपहर के समय तेज गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। मौसम फिलहाल पूरी तरह शुष्क बना हुआ है।
अगले 4 दिन राहत के संकेत नहीं
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल तापमान में कोई बड़ी गिरावट देखने को नहीं मिलेगी। अगले चार दिनों तक गर्मी का असर इसी तरह बना रह सकता है। हालांकि इसके बाद तापमान में एक से तीन डिग्री तक कमी आने की संभावना जताई गई है लेकिन फिलहाल लोगों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा।
गर्मी से चमगादड़ों की मौत
भीषण गर्मी का असर अब वन्य जीवों पर भी दिखाई देने लगा है। कोरबा जिले के पाली विकासखंड में नौकोनिया तालाब किनारे करीब 200 चमगादड़ों की मौत हो गई। वन विभाग के अधिकारियों ने माना कि तेज गर्मी और लू की वजह से यह स्थिति बनी है। इलाके में तापमान लगातार 42 से 43 डिग्री के बीच बना हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी की सलाह
तेज गर्मी को देखते हुए लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलने की सलाह (Nautapa 2026) दी गई है। ज्यादा पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की अपील भी की गई है। बिलासपुर में तापमान 44 डिग्री पहुंचने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। खास तौर पर बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को सतर्क रहने कहा गया है।
नौतपा को माना जाता है सबसे गर्म दौर
ज्योतिष और मौसम के लिहाज से नौतपा को साल का सबसे गर्म समय माना जाता है। इस दौरान सूर्य की किरणें सीधे धरती पर पड़ती हैं जिससे तापमान तेजी से बढ़ जाता है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है क्योंकि लू और तेज धूप का असर लगातार बना रह सकता है।


