National School Basketball Championship : खराब भोजन से राष्ट्रीय शालेय बास्केटबाल खिलाड़ियों की तबीयत बिगड़ी, कई टीमें अपना खाना लेकर पहुंचीं

National School Basketball Championship

National School Basketball Championship

राजनांदगांव दिग्विजय स्टेडियम में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय शालेय बास्केटबाल प्रतियोगिता (National School Basketball Championship) में भाग लेने आए राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।

प्रतियोगिता में शामिल कई खिलाड़ियों की तबीयत खराब होने के मामले सामने आए हैं। खिलाड़ियों को पेट दर्द, गैस, अपच, दस्त और उल्टी जैसी शिकायतें हो रही हैं, जिससे उनके प्रशिक्षण और मैच प्रदर्शन पर सीधा असर पड़ रहा है।

खिलाड़ियों का आरोप है कि प्रतियोगिता स्थल पर उपलब्ध कराया जा रहा भोजन न तो पौष्टिक है और न ही स्वच्छ। साफ पेयजल की कमी और एकरस भोजन व्यवस्था के कारण पाचन तंत्र प्रभावित हो रहा है।

कई खिलाड़ियों ने बताया कि लगातार एक ही तरह का खाना दिए जाने और संतुलित डाइट न मिलने से शरीर कमजोर पड़ रहा है। स्थिति यह है कि कुछ खिलाड़ी तबीयत बिगड़ने के कारण अपने आवासीय कक्षों से बाहर तक नहीं निकल पा रहे हैं।

चिकित्सकों ने दी ताजा और संतुलित भोजन की सलाह

खिलाड़ियों की स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए चिकित्सकों की टीम ने उन्हें विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। चिकित्सकों के अनुसार अत्यधिक शारीरिक अभ्यास के दौरान यदि स्वच्छ पानी और संतुलित आहार (National School Basketball Championship) न मिले, तो पाचन संबंधी समस्याएं होना स्वाभाविक है। डॉक्टरों ने खिलाड़ियों को प्रोबायोटिक डाइट, भरपूर पानी और ताजा भोजन लेने की सलाह दी है।

वहीं शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि खिलाड़ियों की शिकायतों की जानकारी ली जा रही है। स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है और भोजन व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम बुलाने की भी बात कही गई है।

कई टीमें स्वयं की भोजन व्यवस्था लेकर पहुंचीं

प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आई कई टीमों ने पहले से ही भोजन की गुणवत्ता को लेकर सतर्कता बरतते हुए अपनी अलग मेस व्यवस्था (National School Basketball Championship) कर रखी है। खराब खानपान की शिकायतों के चलते कई टीमें बाहर के होटलों में भोजन करती नजर आईं। खासकर ठंडे और पहाड़ी राज्यों से आए खिलाड़ियों को स्थानीय भोजन और अव्यवस्था के कारण ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

खिलाड़ियों की सेहत को लेकर फिलहाल चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी कर रही है, लेकिन प्रतियोगिता जैसे बड़े आयोजन में भोजन और पेयजल की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।