My Bharat CEO Appointment : माय भारत की पहली सीईओ बनीं छत्तीसगढ़ कैडर की आईएएस डॉ. प्रियंका शुक्ला

केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ कैडर की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला को युवाओं से जुड़े एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व की जिम्मेदारी सौंपी है। अप्वाइंटमेंट्स कमेटी ऑफ द कैबिनेट ने उन्हें मेरा युवा भारत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (My Bharat CEO Appointment) नियुक्त किया है। वे देश में माय भारत की पहली सीईओ होंगी।
2009 बैच की आईएएस डॉ. प्रियंका शुक्ला वर्तमान में प्रदेश में समग्र शिक्षा की आयुक्त और पाठ्य पुस्तक निगम की प्रबंध संचालक के रूप में सेवाएं दे रही थीं। उनकी यह नियुक्ति प्रतिनियुक्ति के आधार पर तीन वर्षों के लिए की गई है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार उन्हें पे मैट्रिक्स लेवल-14 में यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डॉ. प्रियंका शुक्ला का प्रशासनिक अनुभव व्यापक और विविध रहा है। वे जशपुर और कांकेर जिले की कलेक्टर रह चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने स्वास्थ्य, तकनीकी शिक्षा और अन्य महत्वपूर्ण विभागों में भी प्रभावी भूमिका निभाई है। नीति निर्माण, प्रशासनिक सुधार और जनसेवा से जुड़े उनके अनुभव को देखते हुए केंद्र सरकार ने उन्हें इस अहम पद के लिए चुना है।
मेरा युवा भारत (My Bharat Initiative) केंद्र सरकार की एक प्रमुख राष्ट्रीय पहल है, जिसका उद्देश्य देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण से सीधे जोड़ना है। इस मंच के माध्यम से युवाओं को सामाजिक नवाचार, स्वैच्छिक सेवा, नेतृत्व विकास और नीति निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाया जाएगा। सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि युवा केवल सरकारी योजनाओं के लाभार्थी न रहें, बल्कि वे परिवर्तन के वाहक बनें।
डॉ. प्रियंका शुक्ला की नियुक्ति से माय भारत को प्रशासनिक मजबूती मिलने की उम्मीद है। उनके नेतृत्व में यह मंच युवाओं की ऊर्जा, विचार और नवाचार को देश के विकास से जोड़ने की दिशा में एक सशक्त माध्यम के रूप में उभरेगा।



