Modi@12 Campaign : क्षेत्र में रात्रि विश्राम कर मोदी सरकार की उपलब्धियां बताएंगे सांसद-विधायक

प्रधानमंत्री Narendra Modi के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेशभर में महासंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री निवास में देर रात तक चली सत्ता और संगठन की संयुक्त बैठक के बाद सांसदों, विधायकों और मंत्रियों को जमीनी स्तर पर सक्रिय होने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रि विश्राम करेंगे और आम जनता के बीच पहुंचकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।

सूत्रों के अनुसार हाल ही में मुख्यमंत्री निवास में हुई उच्च स्तरीय बैठक में जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय करते हुए उनसे क्षेत्रवार परफार्मेंस रिपोर्ट मांगी गई है। बैठक के बाद संगठन ने जनसंपर्क और जनसंवाद को लेकर नया रोडमैप तैयार किया है, जिसके तहत सांसदों और विधायकों को अपने क्षेत्र में व्यापक संपर्क अभियान चलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

500 प्रबुद्धजनों से संपर्क का लक्ष्य

पार्टी की रणनीति के अनुसार प्रत्येक सांसद और विधायक को अपने क्षेत्र के कम से कम 500 प्रबुद्ध, प्रभावशाली और सामाजिक रूप से सक्रिय लोगों से व्यक्तिगत संपर्क करना होगा। इसके माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

रात्रि विश्राम से कार्यकर्ताओं में बढ़ेगा उत्साह

अभियान की विशेषता यह है कि जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र में रात्रि विश्राम भी करना होगा। विधायक अपनी विधानसभा के सभी मंडलों में जाकर कार्यकर्ताओं के घरों अथवा सार्वजनिक स्थलों पर रुकेंगे। वहीं सांसद अपने संसदीय क्षेत्र की सभी विधानसभाओं का दौरा कर वहां रात्रि विश्राम करेंगे। पार्टी का मानना है कि इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित होगा।

विकसित भारत से लेकर योग दिवस तक होंगे आयोजन

अभियान के दौरान विकसित भारत विषय पर संवाद कार्यक्रम, बुद्धिजीवी सम्मान समारोह, व्याख्यानमाला, केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद, जैविक खेती और प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने वाले आयोजन, कृषि कार्यशालाएं, पर्यावरण संरक्षण गतिविधियां, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनकल्याण शिविर तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से जुड़े विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

परफार्मेंस रिपोर्ट भी तैयार करेंगे जनप्रतिनिधि

सत्ता-संगठन की बैठक में जनप्रतिनिधियों के कार्यों की समीक्षा भी की गई। सूत्रों के मुताबिक मंत्रियों और विधायकों से क्षेत्र में किए गए कार्यों का विस्तृत ब्यौरा मांगा गया है। रात्रि विश्राम और जनसंवाद कार्यक्रमों के दौरान सांसद एवं विधायक स्थानीय कार्यकर्ताओं और आम लोगों से फीडबैक लेंगे। इसके आधार पर तैयार रिपोर्ट संगठन को सौंपी जाएगी, जिसका उपयोग आगामी रणनीति तय करने में किया जाएगा।

Exit mobile version