छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का एक सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, मनेन्द्रगढ़ द्वारा निजी क्षेत्र में स्थानीय युवाओं को नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 19 जून 2026 (दिन- शुक्रवार) को एक वृहद (MCB Placement Camp) रोजगार मेले/प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक जिला रोजगार कार्यालय, मनेन्द्रगढ़ के परिसर में आयोजित होगा, जहां नामी कंपनियां ऑन-द-स्पॉट युवाओं का चयन करेंगी।
इन पदों पर होगी बंपर भर्ती
इस प्लेसमेंट कैंप में अलग-अलग क्षेत्रों की कई प्रतिष्ठित निजी कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। मेले में उपलब्ध प्रमुख रिक्तियों का विवरण इस प्रकार है-
मीटर इंस्टॉलेशन (100 पद) : ‘परिश्रम ह्यूमन रिसोर्सेज प्राइवेट लिमिटेड’ द्वारा मीटर इंस्टॉलेशन के सबसे ज्यादा 100 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसमें चयनित युवाओं को 15,000 से 20,000 रुपये प्रति माह का आकर्षक वेतन दिया जाएगा।
इंश्योरेंस एडवाइजर (50 पद) : एलआईसी (LIC) अम्बिकापुर द्वारा इंश्योरेंस एडवाइजर के 50 पदों पर भर्ती की जाएगी (यह पद पूरी तरह कमीशन आधारित होगा)।
टीचर (03 पद) : ‘लिटिल मिलेनियम प्री स्कूल’ मनेन्द्रगढ़ में टीचर के 3 पदों के लिए भर्ती होगी, जिसमें 5,000 से 6,000 रुपये का वेतन निर्धारित है।
सिक्योरिटी गार्ड (01 पद) : ‘आलेख पब्लिक स्कूल’ सिरौली द्वारा सुरक्षा गार्ड के 1 पद पर भर्ती की जाएगी।
इन दस्तावेजों को साथ लाना न भूलें
विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि इस (MCB Placement Camp) प्लेसमेंट कैंप में भाग लेने की प्रक्रिया पूरी तरह से निःशुल्क है। हालांकि, इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए आधिकारिक वेबसाइट https://erojgar.cg.gov.in अथवा CG Rojgar Panjiyan App के माध्यम से पहले ऑनलाइन पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) कराना अनिवार्य होगा।
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ निम्नलिखित महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर तय समय पर पहुंचना होगा।
सभी शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता के मूल प्रमाण-पत्र (मार्क्सशीट/डिग्री)।
छत्तीसगढ़ का मूल निवास प्रमाण-पत्र।
जिला रोजगार कार्यालय का जीवित पंजीयन प्रमाण-पत्र।
पहचान के लिए आधार कार्ड।
हाल ही में खींची गई पासपोर्ट साइज फोटो।
जिले के अधिकारियों ने सभी पात्र और इच्छुक युवक-युवतियों से अपील की है कि वे इस रोजगार मेले का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय पर पहुंचकर अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार सुनिश्चित करें।
