Mayor Election in Delhi : मेयर चुनाव से पहले AAP को बड़ा झटका…पार्षद-पूर्व पार्षद BJP में शामिल

Mayor Election in Delhi
नई दिल्ली। Mayor Election in Delhi : मेयर चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को झटका लगा है। द्वारका सी वार्ड की पार्षद सुनीता और उनके पति पूर्व पार्षद रामनिवास पहलवान ने आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और पश्चिमी दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा ने उनका पार्टी में स्वागत किया।
प्रवेश वर्मा ने दावा किया कि आने वाले दिनों में कई और पार्षद आप छोड़कर भाजपा में शामिल होंगे। अब भाजपा पार्षदों की संख्या 107 हो गई है। सुनीता व उनके पति पहले भाजपा में थे। नगर निगम चुनाव से पहले दोनों आप में शामिल हो गए थे। सोमवार को दोनों वापस भाजपा में लौट आए।
सचदेवा ने कहा कि भाजपा आबकारी घोटाला व आप सरकार के अन्य भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष कर रही है। यहां कार्यकर्ताओं के सुझाव से काम किया जाता है। वहीं, आप में कार्यकर्ताओं को बोलने की स्वतंत्रता नहीं है। वहां किसी विषय पर विचार नहीं कार्यकर्ताओं की प्रताड़ना होती है। इससे आप कार्यकर्ताओं में रोष है। लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
सुनीता ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ व भाजपा से मिले संस्कार के कारण उनका परिवार समाज के लिए काम कर रहा है। शुरू से भाजपा से जुड़े रहे हैं, लेकिन किसी कारणवश आप में चले गए थे। अब पहले से ज्यादा समर्पित होकर पार्टी के लिए काम करेंगे।