साय मंत्रिमंडल विस्तार पर आज मैराथन बैठक, दो से तीन मंत्रियों के नाम फाइनल!

साय मंत्रिमंडल विस्तार पर आज मैराथन बैठक, दो से तीन मंत्रियों के नाम फाइनल!

शिवप्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन नौ अप्रैल को लेंगे पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक

रायपुर/नवप्रदेश। छत्तीसगढ़ में डेढ़ साल से बहुप्रतिक्षित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हाई लेवल बैठकों के बाद अब तय माना जा रहा है कि बहुत जल्द प्रदेश को दो-तीन नए मंत्री मिल जाएंगे। सूत्रों का कहना है कि विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल का जल्द विस्तार हो सकता है। दो से तीन नये मंत्रियों के नाम फाइनल कर लिये गये हैं। केवल घोषणा होना बाकी है। इससे पूर्व भाजपा राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन नौ अप्रैल को बीजेपी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में मैराथन बैठक लेंगे।
भाजपा राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन नौ अप्रैल को बीजेपी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में मैराथन बैठक लेंगे। दोनों पदाधिकारी भाजपा और निगम-मंडल, आयोगों के पदाधिकारियों के साथ ही नगरीय निकायों के महापौर, सभापति, अध्यक्ष और उपाध्यक्षों की बैठक लेंगे। भाजपा प्रदेश महामंत्री जगदीश (रामू) रोहरा ने बताया कि शिवप्रकाश 9 अप्रैल को सुबह 9.30 से 10.30 बजे तक महामंत्रियों की बैठक लेंगे। इसके बाद 10.30 से दोपहर 12.30 तक निगम, मंडल और आयोगों के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों की बैठक लेंगे। दोपहर 12.30 से 1.30 बजे तक भाजपा के सभी मोर्चा प्रदेश अध्यक्षों की बैठक लेंगे। दोपहर 3 से 4.30 बजे तक नगरीय निकायों के महापौर-सभापतियों, अध्यक्ष-उपाध्यक्षों के साथ ही जिला पंचायतों के अध्यक्ष-उपाध्यक्षों की बैठक लेंगे।
मैराथन बैठकों के बाद मंत्रिमंडल विस्तार संभव
चर्चा है कि इन मैराथन बैठकों के बाद मंत्रिमंडल का जल्द विस्तार हो सकता है। नये मंत्रियों के नामों का ऐलान कभी भी हो सकता है। दो से तीन मंत्री शपथ ले सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, नाम फाइनल कर लिये गये हैं। केवल घोषणा होनी बाकी है। लोकसभा चुनाव, उप चुनाव, नगरीय निकाय चुनाव, त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव, मंडल, आयोग के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों की वजह से ये घोषणा अब तक टलती रही है।
बन सकते हैं दो या तीन नए मंत्री
इस बात की चर्चा है कि दो या तीन नए मंत्री बनाये जा सकते हैं। इनमें रायपुर से रमन कैबिनेट में तीन बार मंत्री रह चुके विधायक राजेश मूणत, बिलासपुर से तीन बार मंत्री रह चुके अमर अग्रवाल के नाम आगे चल रहे हैं। वहीं दुर्ग से विधायक गजेंद्र यादव और रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा भी रेस में हैं। इन नामों को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रवास के दौरान भी उनसे बातचीत की जा चुकी है। ऐसे में जल्द ही साय मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है।
हरियाणा की तर्ज पर कैबिनेट का विस्तार
हरियाणा की विधानसभा में भी 90 विधायक हैं। हरियाणा में बीजेपी सरकार में मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री हैं। लिहाजा, हरियाणा के फॉर्मूले को छत्तीसगढ़ में भी लागू करते हुए 3 और मंत्री बनाए जा सकते हैं। हालांकि छत्तीसगढ़ बनने के बाद से 13 मंत्री ही बनते आ रहे हैं। जबकि नियम के तहत विधायकों की संख्या के 15 प्रतिशत ही मंत्री बन सकते हैं। नियम के मुताबिक, 90 विधायकों में 13.5 मंत्री बन सकते हैं। इसलिए मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री भी हो सकते हैं।

क्षेत्रीय-जातिगत समीकरण के आधार पर विस्तार

साय कैबिनेट में अभी मुख्यमंत्री समेत 11 मंत्री हैं। सबसे ज्यादा सरगुजा संभाग से मंत्री हैं। रायपुर दुर्ग और बस्तर संभाग से मात्र एक-एक मंत्री हैं। इसलिए रायपुर से राजेश मूणत और पुरंदर मिश्रा का नाम चर्चा में है। बिलासपुर से रमन सरकार में तीन बार मंत्री रह चुके अमर अग्रवाल का नाम चर्चा में है। इसके अलावा यादव समाज को प्रतिनिधित्व देने दुर्ग से गजेंद्र यादव के नाम की चर्चा है। साय कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत 12 मंत्री थे, लेकिन सांसद का चुनाव जीतने के बाद शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद से मुख्यमंत्री साय समेत 11 मंत्री ही काम कर रहे हैं।

जल्द ही ये होगा कैबिनट का स्वरूप
ये हैं संभावित नाम-बिलासपुर से अमर अग्रवाल,रायपुर से राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा,दुर्ग से विधायक गजेंद्र यादव।
वर्तमान साय कैबिनेट-विष्णुदेव साय-मुख्यमंत्री,अरुण साव-उप मुख्यमंत्री, विजय शर्मा-उप मुख्यमंत्री, ओपी चौधरी-वित्त मंत्री, मंत्री केदार कश्यप-वन मंत्री, दयाल दास बघेल-खाद्य मंत्री, टंकराम वर्मा-खेल मंत्री, लखनलाल देवांगन-उद्योग मंत्री,श्याम बिहारी जायसवाल-स्वास्थ्य मंत्री,रामविचार नेताम-आदिम जाति कल्याण मंत्री, लक्ष्मी राजवाड़े- महिला बाल विकास मंत्री हैं।

JOIN OUR WHATS APP GROUP

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *