छत्तीसगढ़

Mainpat Resort Project : पहाड़ों के बीच बनने जा रहा कुछ खास, मैनपाट की तस्वीर बदलने वाली योजना को मिली हरी झंडी

शांत पहाड़, ठंडी हवाएं और हरियाली के बीच अब सिर्फ सुकून नहीं, बल्कि एक नया अनुभव आकार लेने वाला है। जिस जगह को अब तक लोग प्रकृति के लिए जानते थे, वहां जल्द ही ठहरने, स्वास्थ्य और मनोरंजन की ऐसी सुविधाएं होंगी, जो अब तक यहां कल्पना जैसी लगती थीं।

https://youtu.be/w66toFnG6ms

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में स्थित मैनपाट को पर्यटन के बड़े नक्शे पर लाने की दिशा में एक अहम फैसला लिया गया है। राज्य हाउसिंग बोर्ड को यहां 12 एकड़ भूमि आवंटित (Mainpat Resort Project) की गई है, जहां प्राकृतिक वातावरण के अनुरूप एक बहुउपयोगी पर्यटन एवं आवासीय परिसर विकसित किया जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य मैनपाट आने वाले पर्यटकों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर ठहराव उपलब्ध कराना है।

प्रस्तावित परियोजना में ट्रेडिशनल रिसोर्ट, वेलनेस सेंटर और आयुष आधारित उपचार सुविधाएं विकसित की जाएंगी। योजना के अनुसार यहां केरल की तर्ज पर पंचकर्म चिकित्सा, हर्बल स्पा और स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे मैनपाट को वेलनेस टूरिज्म के रूप में नई पहचान मिल सके।

पर्यटकों के मनोरंजन और आराम के लिए परिसर में 24×7 क्लब हाउस की सुविधा भी प्रस्तावित है। इसमें मिलेट्स कैफे, जिम, स्विमिंग पूल, बच्चों के लिए प्ले एरिया, स्टीम बाथ और एंटरटेनमेंट ज़ोन शामिल किए जाएंगे। साथ ही पर्यावरण संतुलन को ध्यान में रखते हुए ट्री हाउस और कॉटेज का निर्माण भी किया जाएगा।

इस परियोजना के माध्यम से पर्यटकों को मैनपाट की स्थानीय संस्कृति, परंपरा और जनजीवन से जुड़ने का अवसर मिलेगा। पारंपरिक जीवनशैली को करीब से देखने और अनुभव करने की व्यवस्था भी इस परिसर का अहम हिस्सा होगी।

https://youtu.be/lNCcMI5v0qw

योजना से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को गति मिलने के साथ-साथ स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। पर्यटकों के ठहराव में वृद्धि से हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को मजबूती मिलेगी और स्थानीय उद्यमिता को नया प्रोत्साहन मिलेगा।

सरकार का मानना है कि यह परियोजना मैनपाट को आने वाले समय में एक राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी और छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगी।

Related Articles

Back to top button