महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में गिरफ्तार आरोपी विकास गर्ग को बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम विशेष अदालत में पेश करने के लिए रवाना हुई। ईडी ने विकास गर्ग को दिल्ली से गिरफ्तार कर देर रात रायपुर लाया था। अब एजेंसी कोर्ट से रिमांड लेकर उससे मामले में गहन पूछताछ कर सकती है।
दिल्ली से गिरफ्तारी के बाद रायपुर लाई ईडी Mahadev Betting App
ईडी ने महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में विकास गर्ग को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। देर रात उसे रायपुर लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुधवार को विशेष ईडी कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
रिमांड लेकर होगी पूछताछ Mahadev Betting App
सूत्रों के अनुसार, ईडी कोर्ट से विकास गर्ग की रिमांड मांगेगी। एजेंसी उससे महादेव बेटिंग नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन, हवाला कनेक्शन, फर्जी कंपनियों और अन्य आरोपियों से जुड़े संबंधों के बारे में पूछताछ कर सकती है। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ से मामले में कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।
940.77 करोड़ की संपत्ति पहले ही हो चुकी है अटैच
महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में ईडी पहले ही 940.77 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच कर चुकी है। एजेंसी लगातार इस नेटवर्क से जुड़े आर्थिक लेनदेन, निवेश और कथित मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही है। विकास गर्ग की गिरफ्तारी को इसी जांच की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
