Madhya Pradesh Helicopter Tourism : हम दूरियों को नहीं, दिलों को जोड़ने जा रहे हैं : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
Madhya Pradesh Helicopter Tourism
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हवाई यात्रा केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि एक आनंददायक यात्रा का अनुभव भी बने। मध्यप्रदेश अपने नागरिकों और पर्यटकों को आधुनिक सुविधाओं के साथ संस्कृति की आत्मीयता भी प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश की दूरियों को नहीं, बल्कि दिलों और अनुभवों को भी जोड़ने जा रहे हैं। हेलीकॉप्टर सेवा (Madhya Pradesh Helicopter Tourism) पर्यटन के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी। यह सुविधा न केवल पर्यटकों और यात्रियों का समय बचाएगी बल्कि उन्हें एक ही यात्रा में आस्था, आध्यात्म, पर्यटन और अनुभव का अद्भुत संगम भी प्रदान करेगी।
इसका उद्देश्य प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को हवाई मार्ग से जोड़कर दूरियां मिटाकर समय बचाना भी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य में एयर एम्बुलेंस और हेलीकॉप्टर पर्यटन सेवा (Madhya Pradesh Helicopter Tourism) प्रारंभ करने वाला मध्यप्रदेश पूरे देश में पहला और इकलौता राज्य बन गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को राजा भोज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे परिसर में आयोजित विशेष समारोह को संबोधित किया। उन्होंने मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस पर पर्यटन एवं विमानन क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण और नवाचारी सेवाओं सहित राजा भोज एयरपोर्ट में उन्नयन कार्यों का शुभारंभ किया।
इन सेवाओं में ‘पीएमश्री हवाई पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’‘डिजी यात्रा’, ‘फ्लाईब्रेरी’, ‘किड्स प्ले ज़ोन’ तथा ‘केट-I से केट-II ILS प्रणाली’ जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजा भोज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पीएमश्री पर्यटन हेलीकॉप्टर्स को हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश में इस सेवा का विधिवत् शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा गौर तथा संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी को बोर्डिंग पास देकर इस हेली पर्यटन सेवा (Madhya Pradesh Helicopter Tourism) की प्रक्रियागत शुरुआत भी की।
पर्यटन, राज्य की अर्थव्यवस्था का है सशक्त स्तंभ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को 70वें स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिन केवल एक उत्सव मात्र नहीं, प्रदेश की विकास यात्रा, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश ने 70 वर्षों की इस लंबी यात्रा में अनेक चुनौतियां पार की हैं। अब हमारा लक्ष्य ही नहीं दृढ़ संकल्प भी है कि हम मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर, तकनीक-संपन्न और पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाकर रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पर्यटन एक ऐसा क्षेत्र है, जो अर्थव्यवस्था, संस्कृति और समाज तीनों को परस्पर जोड़ता है। उन्होंने कहा कि पर्यटन हमारे देश और प्रदेश की इकोनॉमी का इकलौता ऐसा क्षेत्र है जो नई-नई लोकेशन्स, अलग-अलग संस्कृतियों और ऐतिहासिक चीजों को अपने तरीके से एक्सप्लोर करने का आनंद, रोजगार और पहचान तीनों देता है।
मध्यप्रदेश में विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, वन संपदा और धार्मिक पर्यटन का अनोखा संगम है। हमारा प्रयास है कि इन स्थलों तक सीधी पहुंच और यहां की सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाया जाए। उन्होंने कहा कि पीएमश्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा (Madhya Pradesh Helicopter Tourism) इसी दृष्टि से एक अभिनव पहल है, जिससे देशी-विदेशी सभी पर्यटकों को प्रदेश के प्रमुख स्थलों तक सीधी, सुरक्षित और शीघ्र पहुंच सुविधा मिल सकेगी।
हेलीकॉप्टर सेवा से पर्यटन को मिलेगी नई दिशा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि पीएमश्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा (Madhya Pradesh Helicopter Tourism) में प्रारंभिक चरण में तीन प्रमुख पर्यटन सेक्टर्स में हेली सेवाएं चलाई जायेंगी। प्राथमिक चरण में इंदौर से उज्जैन एवं ओंकारेश्वर, भोपाल से मढ़ई एवं पचमढ़ी तथा जबलपुर से बांधवगढ़ एवं कान्हा जैसे प्रमुख स्थलों तक हेलीकॉप्टर उड़ानें संचालित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि इस सेवा से पर्यटकों को कम समय में अधिक पर्यटन स्थलों की यात्रा करने की सुविधा मिलेगी। साथ ही, यह सेवा प्रदेश के ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों में रोजगार सृजन, होम-स्टे व्यवसाय और स्थानीय उत्पादों के विपणन को भी बढ़ावा देगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस पहल से प्रदेश में हेलीकॉप्टर चार्टर कंपनियों, पर्यटन एजेंसियों, गाइड सेवा प्रदाताओं और महिला स्व-सहायता समूहों को भी नए अवसर प्राप्त होंगे।
तीन सेक्टर में पीएमश्री हेली सर्विस शुरू
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस के अवसर पर पीएमश्री हेलीकॉप्टर सेवा की अनुपम सौगात मिली है। इससे पर्यटकों को पैकेज के रूप में सभी तरह की सुविधाएं मिलेंगी। शुरुआती चरण में प्रदेश के 3 सेक्टर में पीएमश्री हेली सर्विस शुरू की जा रही है। भोपाल से मढ़ई-पचमढ़ी, इंदौर से उज्जैन-ओंकारेश्वर और जबलपुर से कान्हा-बांधवगढ़ सेक्टर पर पर्यटकों को हेलीकॉप्टर सुविधा मिलेगी।
अभी भोपाल से सड़क मार्ग से पचमढ़ी जाने में साढ़े 5 घंटे लगते है, लेकिन नई पीएमश्री हेली सर्विस से पर्यटक सिर्फ 45 से 50 मिनट में पचमढ़ी पहुंच सकेंगे। पीएमश्री पर्यटन हेली सर्विस जबलपुर से कन्हा और बांधवगढ़ को लिंक करेगी। इंदौर से उज्जैन और ओंकारेश्वर के बीच हेलीकॉप्टर सेवा (Madhya Pradesh Helicopter Tourism) से एक दिन में दोनों ज्योतिर्लिंग के दर्शन हो जाएंगे। बाबा महाकाल की नगरी में प्रदेश का 9वां एयरपोर्ट विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में पहली बार इंट्रा स्टेट एविएशन सर्विस (Madhya Pradesh Helicopter Tourism) की शुरुआत हुई है। रीवा से इंदौर के बीच 20 नवंबर से इंडिगो की सीधी हवाई सुविधा मिलेगी। रीवा से दिल्ली हवाई सेवा भी पूर्वी मध्यप्रदेश के लिए अद्भुत सौगात है। हमारी सरकार बनने के बाद प्रदेश में 3 नए एयरपोर्ट रीवा, सतना और दतिया में शुरू किए गए। बदलते दौर में रीवा तेजी से विकास करने वाला नगर बना है।
पर्यटन के जरिए आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पर्यटन सेवाओं का यह विस्तार केवल सुविधाओं की शुरुआत नहीं, बल्कि ‘आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश’ के निर्माण की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नई सेवा और सुविधा रोजगार, कौशल विकास और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाती है। मुख्यमंत्री ने बताया कि हमारी सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2030 तक पर्यटकों की संख्या दोगुना की जाए और पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था का आकार 50,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाया जाए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नई हेली पर्यटन सेवाओं (Madhya Pradesh Helicopter Tourism) से स्थानीय युवाओं के साथ-साथ महिलाओं को भी बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने बताया कि देवी अहिल्या नारी सशक्तिकरण मिशन के माध्यम से महिलाओं को पर्यटन, आतिथ्य और हस्तकला क्षेत्र में प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
मध्यप्रदेश छू रहा है नित नई ऊंचाईयों को
संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में हमारा पर्यटन विभाग नए आयाम स्थापित कर रहा है। पहले पीएमश्री एंबुलेंस के सफल संचालन के बाद अब पीएमश्री पर्यटन हेली सर्विस (Madhya Pradesh Helicopter Tourism) शुरू की जा रही है। आज मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस के अवसर पर विकसित मध्यप्रदेश @2047 का विजन डॉक्यूमेंट लॉन्च किया गया है। राज्यमंत्री लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मार्गदर्शन और नेतृत्व में मध्यप्रदेश नित नई ऊंचाईयों को छू रहा है।
अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि पर्यटकों के लिए प्रदेश में हवाई यात्रा सुलभ कराने के उद्देश्य से लगभग एक वर्ष पहले पीएमश्री पर्यटन वायु सेवा शुरू की गई थी। उसमें अब तक 10 हजार से अधिक पर्यटक यात्रा कर चुके हैं। देश में इंट्रा स्टेट एयर कनेक्टीविटी (Madhya Pradesh Helicopter Tourism) स्थापित करने वाला मध्यप्रदेश पहला राज्य बना है।
हेलीकॉप्टर पर्यटन सेवा का नियमित संचालन 20 नवम्बर 2025 से प्रारंभ होगा। मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा राज्य के पर्यटन स्थलों के बीच हवाई संपर्क को सुदृढ़ बनाने लोक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के अंतर्गत यह सेवा मध्य प्रदेश के पर्यटन को नई उड़ान देगी।
