लीबिया संघर्ष में मरने वालों की संख्या 443 हुई

त्रिपोली । संयुक्त राष्ट्र समर्थित लीबियाई सरकार और खलीफा हफ्तार के नेतृत्व वाली सेना के बीच हुई लड़ाई में अब तक 443 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 2110 अन्य घायल हुए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने बुधवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। डब्ल्यूएचओ ने ट्वीट किया,  त्रिपोली में हिंसा के कारण 443 लोगों की मौत हुई है और 2110 लोग घायल हुए हैं। डब्ल्यूएचओ ने एक अन्य ट्वीट में कहा,  लीबिया में लगातार गहराते हुए संकट के कारण करीब 60 हजार लोगों ने देश से बाहर शरण ली है, डब्ल्यूएचओ उनके लिए स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर काम कर रहा है। खलीफा हफ्तार के नेतृत्व वाली सेना त्रिपोली पर कब्जा करने के लिए अप्रैल से ही संघर्ष कर रही है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2011 में कर्नल मुअम्मर गद्दाफी को सत्ता से हटाकर उनकी हत्या करने के बाद अस्थिरता से जूझ रहे लीबिया में एक नया संकट पैदा हो गया है।

You may have missed