Krishak Unnati Yojana : कृषक उन्नति योजना से बढ़ी आय, किसान ने खेती का रकबा बढ़ाकर पेश की मिसाल

छत्तीसगढ़ सरकार की किसान हितैषी योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दे रही हैं। कृषक उन्नति योजना (Krishak Unnati Yojana) के माध्यम से किसानों को आर्थिक संबल मिलने के साथ खेती के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत हो रहा है। बालोद जिले के गुरूर विकासखंड अंतर्गत ग्राम रेंगाडबरी के किसान थान सिंह साहू इसकी जीवंत मिसाल बनकर सामने आए हैं। धान का बेहतर मूल्य मिलने के बाद उन्होंने वर्षों से अनुपयोगी पड़ी बंजर भूमि को कृषि योग्य बनाकर खेती का दायरा बढ़ाया है।

उचित मूल्य मिलने से बढ़ा आत्मविश्वास

थान सिंह साहू लंबे समय से लगभग पांच एकड़ भूमि पर खेती कर रहे हैं। खेती ही उनके परिवार की आजीविका का प्रमुख आधार है। राज्य सरकार द्वारा संचालित कृषक उन्नति योजना (Krishak Unnati Yojana) और धान की फसल का बेहतर मूल्य मिलने से उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इससे खेती को लेकर उनका आत्मविश्वास पहले की तुलना में काफी बढ़ा है।

धान की उपज का लाभकारी मूल्य मिलने के बाद उन्होंने खेती में निवेश बढ़ाने का निर्णय लिया और भविष्य की योजनाओं पर गंभीरता से काम शुरू किया। बेहतर आय ने उन्हें कृषि विस्तार के लिए नई प्रेरणा प्रदान की।

बंजर जमीन को बनाया उपजाऊ

किसान थान सिंह के पास ऐसी भूमि भी थी जो लंबे समय से बंजर और अनुपयोगी पड़ी हुई थी। पहले खेती से सीमित आय होने के कारण उस भूमि को विकसित करना संभव नहीं था, लेकिन कृषक उन्नति योजना (Krishak Unnati Yojana) से आर्थिक स्थिति मजबूत होने के बाद उन्होंने उस जमीन को खेती योग्य बनाने का संकल्प लिया।

लगातार मेहनत, भूमि समतलीकरण और सुधार कार्यों के जरिए उन्होंने बंजर जमीन को उपजाऊ बनाया। अब यह भूमि भी खेती के लिए तैयार है और आगामी सीजन में वहां फसल उत्पादन की योजना बनाई जा रही है।

कृषि विस्तार से बढ़ेगी आय

भूमि विकास के बाद उनकी कृषि योग्य जमीन का रकबा बढ़ गया है। इससे भविष्य में उत्पादन बढ़ने के साथ आय में भी वृद्धि होने की संभावना है। थान सिंह साहू का मानना है कि यदि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलता रहे तो वे खेती में आधुनिक तकनीक, नवाचार और निवेश को अपनाने के लिए आगे आते रहेंगे। उनकी सफलता यह दर्शाती है कि सही नीतियां और समय पर आर्थिक सहयोग किसानों के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।

किसानों की मेहनत को मिल रहा सम्मान

थान सिंह साहू अपने जीवन में आए इस सकारात्मक बदलाव का श्रेय राज्य सरकार की किसान कल्याणकारी नीतियों और कृषक उन्नति योजना (Krishak Unnati Yojana) को देते हैं। उनका कहना है कि पहले खेती में लागत निकालना भी चुनौती होती थी, लेकिन अब धान का बेहतर मूल्य मिलने से किसानों की मेहनत का सम्मान हो रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं ने किसानों में नया आत्मविश्वास जगाया है और खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में प्रेरित किया है।

Exit mobile version