झारखण्ड

Jharkhand Investment Tour : सीएम सोरेन जाएंगे दावोस और यूनाइटेड किंगडम, राज्य में निवेश एवं विकास को मिलेगा नया आयाम

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को आवासीय कार्यालय में अधिकारियों के साथ 18 से 26 जनवरी 2026 तक प्रस्तावित दावोस और यूनाइटेड किंगडम (Jharkhand Investment Tour) दौरे की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारियों के बीच दौरे से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

https://youtu.be/F9poNQALsdo

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में झारखंड से 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल (Jharkhand Investment Tour) वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक में दावोस में सहभागिता करेगा। यह पहला अवसर होगा जब झारखंड का प्रतिनिधिमंडल इस वैश्विक मंच पर भाग लेगा। सम्मेलन में विश्व के प्रमुख निवेशक, उद्योगपति और गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी होगी।

दावोस में प्रस्तावित बैठकों और कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य की खनिज संपदा, औद्योगिक ढांचा, सतत विकास आधारित दृष्टिकोण, पर्यटन क्षमता और निवेश की विविध संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि दावोस यात्रा के उपरांत प्रतिनिधिमंडल यूनाइटेड किंगडम (London) का दौरा करेगा।

लंदन दौरे के दौरान संस्थागत, शैक्षणिक और निवेश-उन्मुख सहयोग, नीति एवं ज्ञान आधारित संवाद, तथा भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ संवाद (Jharkhand Investment Tour) प्रस्तावित हैं। लंदन यात्रा में प्रस्तावित बैठकों और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई।

यह अंतरराष्ट्रीय दौरा राज्य में निवेश आकर्षित करने, औद्योगिक विकास को गति देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। दावोस एवं यूनाइटेड किंगडम प्रवास के दौरान उद्योगपतियों, निवेशकों और संस्थागत प्रतिनिधियों के साथ संवाद के माध्यम से दीर्घकालिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों से कहा कि निवेश के दृष्टिकोण से राज्य सरकार के प्रतिनिधिमंडल का यह अंतरराष्ट्रीय दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिया कि राज्य सरकार की ओर से सभी तैयारियां समन्वित, प्रभावी और सुव्यवस्थित हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड को एक प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने और बहुराष्ट्रीय संस्थाओं के साथ सहयोग के नए अवसर सृजित करने हेतु राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।

https://youtu.be/62QMoLCfm18

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि दावोस और यूनाइटेड किंगडम का यह प्रस्तावित दौरा (Jharkhand Investment Tour) राज्य में निवेश और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

बैठक में मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव (गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन) वंदना दादेल, मंत्रिमंडल सचिव प्रशांत कुमार, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण सचिव कृपानंद झा, उद्योग सचिव अरवा राजकमल, पर्यटन सचिव मनोज कुमार, आदिवासी कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, निदेशक (खान एवं भू-तत्व) राहुल सिन्हा, प्रबंध निदेशक जियाडा वरुण रंजन, निदेशक उद्योग विशाल सागर, निदेशक आईपीआरडी राजीव लोचन बक्शी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button