छत्तीसगढ़शहर

हसदेव पर नया पुल बनाने का मसला लटका, सेतु निगम ने सरकार को भेजा था 30 करोड़ का प्रस्ताव

नवप्रदेश संवाददाता
जांजगीर-चांपा। हसदेव नदी पर नया पुल बनाने की योजना अधर में है। इसके लिए सर्वे के साथ पुल की लंबाई, चौड़ाई, ऊंचाई सहित अन्य मापदंड से संबंधित ड्राइंग व डिजाइन तैयार कर करीब 30 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, लेकिन अब तक रकम नहीं मिल सकी है।
जांजगीर और चांपा को आपस में जोडऩे के लिए करीब सात दशक पहले हसदेव नदी पर गेमनपुल का निर्माण कराया गया था। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 49 पर पुल स्थित होने के कारण पुल से रोज सैकड़ों की संख्या में दो पहिया, चार पहिया, भारी व ओवरलोड वाहनों की आवाजाही होती है। लगातार वाहनों के आवागमन के कारण पुल भी जवाब देने लगा है। बीते कुछ सालों से पुल की मरम्मत कर काम चलाया जा रहा है। ऐसे में यहां नए पुल की आवश्यकता महसूस की जा रही है, जबकि क्षेत्रवासी लंबे समय से नया पुल बनाए जाने की मांग कर रहे हैं। इसे ध्यान में रखते हुए सेतु निगम ने नया पुल निर्माण की दिशा में पहल की थी। विभागीय सूत्रों के मुताबिक हसदेव नदी पर गेमन व रेलवे पुल के बीच में नया पुल बनना प्रस्तावित है। इसके लिए सर्वे का काम पूरा कर लिया गया है। वहीं पुल की लंबाई, चौड़ाई, ऊंचाई आदि की ड्राइंग व डिजाइन तैयार कर 30 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, लेकिन अब तक बजट नहीं मिला है।

Related Articles

Back to top button