लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे जेल विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर (Jail Promotion) सामने आई है। करीब एक दशक बाद विभाग में पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू होने से कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। इससे विभागीय कामकाज में भी नई ऊर्जा आने की उम्मीद जताई जा रही है।
शासन के निर्णय के बाद जेल मुख्यालय ने विभिन्न संवर्गों के पात्र अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए पदोन्नति आदेश जारी करने की शुरुआत कर दी है। विभाग का कहना है कि आगे भी यह प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगी।
10 वर्ष बाद शुरू हुई पदोन्नति प्रक्रिया Jail Promotion
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशों के अनुपालन में जेल विभाग में लगभग 10 वर्षों के अंतराल के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया शुरू की गई है। जेल मुख्यालय ने विभिन्न संवर्गों के पात्र कर्मचारियों के लिए पदोन्नति आदेश जारी किए हैं।
कई संवर्गों के कर्मचारियों को मिला लाभ
जारी आदेशों के अनुसार सहायक ग्रेड 1, स्टेनो टाइपिस्ट, लेखापाल, उप अधीक्षक उद्योग, वरिष्ठ बुनाई प्रशिक्षक, वरिष्ठ बढ़ईगिरी प्रशिक्षक, दफ्तरी और जमादार सहित विभिन्न पदों पर पात्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदोन्नत किया गया है। इसके साथ ही उन्हें नए पदों के अनुरूप जिम्मेदारियां सौंपने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पारदर्शी तरीके से होगी पूरी प्रक्रिया
जेल विभाग ने बताया कि पदोन्नति की पूरी प्रक्रिया शासन के दिशा निर्देशों के अनुसार पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से संचालित की जा रही है। पात्र अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रकरणों का लगातार परीक्षण और निराकरण किया जा रहा है।
चरणबद्ध तरीके से जारी होंगे अगले आदेश
विभाग के अनुसार आगामी समय में अन्य पात्र अधिकारियों और कर्मचारियों के पदोन्नति आदेश भी चरणबद्ध तरीके से जारी किए जाएंगे, ताकि सभी योग्य कर्मचारियों को समय पर पदोन्नति का लाभ (Jail Promotion) मिल सके।
महानिदेशक ने दी शुभकामनाएं
महानिदेशक जेल वरुण कपूर ने सभी पदोन्नत अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि पदोन्नति केवल अधिकार नहीं बल्कि अधिक जिम्मेदारी के साथ काम करने का अवसर भी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने नए दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
