IPS Ramya : मासूम हत्याकांड की चर्चा के बीच अचानक सुर्खियों में आईं रम्या भारती, वीडियो पर उठने लगे सवाल

कोयंबटूर में 10 साल की बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और हत्या की घटना के बाद लोगों में गुस्सा लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। इसी बीच पुलिस की प्रेस वार्ता से पहले सामने आए एक वीडियो ने पूरे मामले को नई बहस में ला दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर लोग तरह तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं और कई यूजर्स पुलिस अधिकारियों के व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं।

प्रेस वार्ता शुरू होने से पहले कुछ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आपस में हंसते और बातचीत करते (IPS Ramya) नजर आए। इसी वीडियो में आईपीएस आर वी रम्या भारती भी दिखाई दीं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी संवेदनशीलता को लेकर चर्चा तेज हो गई। इसके बाद लोग जानना चाह रहे हैं कि आखिर रम्या भारती कौन हैं और अब तक किन जिम्मेदार पदों पर काम कर चुकी हैं।

वर्ष 2008 बैच की आईपीएस अधिकारी : IPS Ramya

आर वी रम्या भारती तमिलनाडु कैडर की वर्ष 2008 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा के जरिए पुलिस सेवा में जगह बनाई थी। एक सितंबर 2008 को उन्होंने आईपीएस सेवा जॉइन की थी। पढ़ाई की बात करें तो उन्होंने समाजशास्त्र में बीए किया है। इसके अलावा साइबर फॉरेंसिक में एमएससी की डिग्री भी हासिल की है।

कई जिलों में संभाल चुकी हैं जिम्मेदारी

करीब 17 से 18 साल के सेवा कार्यकाल में रम्या भारती कई अहम पदों पर अपनी जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। वह कोयंबटूर, तिरुवन्नामलाई और मदुरै जैसे जिलों में एसपी रह चुकी हैं। इसके साथ ही चेन्नई में जॉइंट कमिश्नर के पद पर भी उन्होंने काम किया है। उन्हें कोलकाता में डिप्टी कमिश्नर की जिम्मेदारी संभालने का मौका भी मिला था।

केंद्र सरकार में भी निभाई अहम भूमिका

राज्य स्तर के अलावा केंद्र सरकार से जुड़ी जिम्मेदारियों में भी रम्या भारती काम (IPS Ramya) कर चुकी हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के तहत ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी में वह डिप्टी डायरेक्टर जनरल के पद पर तैनात रही हैं। इस दौरान एयरपोर्ट सुरक्षा, सिक्योरिटी ऑडिट और अंतरराष्ट्रीय विमानन सुरक्षा मानकों की निगरानी से जुड़ी जिम्मेदारियां उन्होंने संभालीं।

क्या है पूरा मामला

तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित सुलूर इलाके में 21 मई को 10 साल की बच्ची घर के बाहर से लापता हो गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और कई टीमों को मामले में लगाया गया। बाद में पुलिस ने मुख्य आरोपी कार्तिक को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी।

Exit mobile version