Infrastructure Mission CG  : ‘संकल्प से सिद्धि’ की दिशा में निर्णायक कदम, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया बजट का विजन

Infrastructure Mission CG

Infrastructure Mission CG

बोले – अधोसंरचना, एआई मिशन, शिक्षा और कृषि पर फोकस से आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट को छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास और आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में स्पष्ट रोडमैप (Infrastructure Mission CG) बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार का पहला बजट “ज्ञान” और दूसरा “गति” की थीम पर आधारित था,

जबकि इस वर्ष का बजट “संकल्प” की भावना के साथ तैयार किया गया है, जो विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को साकार करने की ठोस कार्ययोजना प्रस्तुत करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट समावेशी विकास, निवेश संवर्धन, अधोसंरचना विस्तार और अंत्योदय के सिद्धांतों पर आधारित है, जिससे समाज के हर वर्ग को विकास का लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री  साय ने बताया कि प्रदेश के विकास को मिशन मोड में आगे बढ़ाने के लिए पांच नए मुख्यमंत्री मिशन शुरू किए जाएंगे। इनमें मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन, मुख्यमंत्री एआई मिशन, मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन, मुख्यमंत्री स्टार्टअप मिशन और मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन (Infrastructure Mission CG) शामिल हैं। इन मिशनों के माध्यम से प्रदेश में आधुनिक अधोसंरचना, तकनीकी नवाचार, पर्यटन विस्तार और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे।

शिक्षा क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बजट का 13.5 प्रतिशत हिस्सा स्कूल शिक्षा के लिए निर्धारित किया गया है। बस्तर के अबूझमाड़ और जगरगुंडा में दो एजुकेशन सिटी स्थापित करने का निर्णय दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके साथ ही शासकीय कर्मचारियों के लिए कैशलेस उपचार सुविधा का प्रावधान कर स्वास्थ्य सुरक्षा को भी मजबूत किया गया है।

औद्योगिक विकास को गति देने के लिए 23 नए औद्योगिक पार्कों की स्थापना हेतु 250 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, वहीं मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना और भूमि विकास बैंक के लिए भी 200-200 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र राज्य की अर्थव्यवस्था की आधारशिला है, इसलिए कृषि के लिए 13 हजार 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। किसानों को धान खरीदी के अंतर की राशि का भुगतान जारी रखने और सिंचाई क्षमता बढ़ाने के लिए इंद्रावती नदी पर देवरगांव और मटनार बैराज निर्माण हेतु 2000 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बस्तर और सरगुजा क्षेत्र के विकास को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में कृषि आधारित उद्योग, पशुपालन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के लिए विशेष बजट प्रावधान (Infrastructure Mission CG) किए गए हैं। बस्तर फाइटर्स में 1500 नई भर्तियां, होमस्टे योजना और पर्यटन विकास की पहल से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी और युवाओं के कौशल विकास के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, हवाई सेवाओं का विस्तार, बस सेवाओं का संचालन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए योजनाओं से युवाओं को नई दिशा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने इस बजट को प्रदेशवासियों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब बताते हुए विश्वास जताया कि यह बजट छत्तीसगढ़ को समृद्धि, आत्मनिर्भरता और विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगा।

You may have missed