Uncategorized

India vs Australia T20 2025 : कैनबरा में बरसा जल, लेकिन चमका बल्ला, ‘सूर्य’ ने रौशन किया आसमान

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बुधवार को खेले गए पहले टी-20 मुकाबले (India vs Australia T20 2025) में कप्तान सूर्यकुमार यादव अपनी पुरानी लय में नजर आए, लेकिन बारिश ने मैच का रंग फीका कर दिया। कैनबरा के मैनुका ओवल में खेला गया यह मुकाबला लगातार वर्षा के कारण रद्द कर दिया गया। भारत ने वर्षा रुकने से पहले 9.4 ओवर में एक विकेट पर 94 रन बना लिए थे।

https://www.youtube.com/watch?v=ANR5xtvqgQo

इस मैच से पहले सभी की नजरें कप्तान सूर्यकुमार यादव (India vs Australia T20 2025) पर थीं, जो हाल के मुकाबलों में बल्ले से उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पा रहे थे। सूर्यकुमार (39) और उपकप्तान शुभमन गिल (37) ने दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 62 रनों की अटूट साझेदारी की और दोनों शानदार फॉर्म में दिखे। इस सीजन में अब तक रन के लिए संघर्ष कर रहे सूर्य ने आखिरकार अपनी क्लास दिखाई। उन्होंने जोश हेजलवुड की गेंद को शानदार टाइमिंग से स्क्वेयर लेग के ऊपर से छक्के के लिए भेजा — यह शॉट उनके आत्मविश्वास की वापसी का प्रतीक था।

मैनुका ओवल की उछाल और गति ने सूर्य के खेल को और निखारा। उन्होंने संयम से शुरुआत की और 20 रन तक स्ट्राइक अपने पास रखी, इसके बाद नाथन एलिस के ओवर में खुलकर बल्लेबाजी की — एक शानदार स्क्वेयर कट, एक बेहतरीन ऑफ ड्राइव और फिर मिडविकेट के ऊपर दमदार छक्का।

दूसरी ओर शुभमन गिल ने सतर्कता और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाया। उन्होंने मैट कुहनमैन की गेंद पर काउ कॉर्नर के ऊपर छक्का लगाकर रनगति को तेज किया। वर्षा के कारण दो बार खेल रोका गया, लेकिन बीच के 4.4 ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों ने 54 रन जोड़कर मैच को अपने पक्ष में झुका दिया था। गीली गेंद के चलते ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को नियंत्रण बनाए रखने में कठिनाई हो रही थी।

ओपनर अभिषेक शर्मा (19 रन) ने भी शानदार शुरुआत दी। उन्होंने जेवियर बार्टलेट के एक ही ओवर में तीन चौके जड़कर रनगति बढ़ाई, लेकिन नाथन एलिस की स्लोअर गेंद पर ऊँचा खेल बैठे और मिड-ऑफ पर कैच थमा दिया। इससे पहले गिल ने एलिस पर दो शानदार चौके लगाकर लय पकड़ी थी। भारत की पारी जब रफ्तार पकड़ने लगी, तभी लगातार बारिश ने मैच का मूड बिगाड़ दिया। मैदानकर्मी पिच को ढकते रहे, लेकिन मौसम ने मौका नहीं दिया और अंततः अंपायरों ने मैच रद्द करने का निर्णय लिया।

https://www.youtube.com/watch?v=H4KqP1tSr4M

यह मुकाबला भारत के लिए टी20 विश्व कप 2026 की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा था। सूर्यकुमार की वापसी ने टीम इंडिया को यह उम्मीद दी है कि आने वाले चार मैचों में भारत अपनी लय कायम रखेगा।

150 छक्के जड़ने वाले दूसरे भारतीय बने सूर्य

सूर्यकुमार यादव ने दो छक्के जड़ते ही टी-20 क्रिकेट में 150 छक्कों का आंकड़ा पार कर लिया। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे भारतीय बने हैं। सूर्य ने अपने 91वें मैच में यह मुकाम पाया। टी-20 में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में रोहित शर्मा शीर्ष पर हैं (205 छक्के)। दूसरे स्थान पर पाकिस्तान के मोहम्मद वसीम (187), तीसरे पर न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल (173) और चौथे स्थान पर इंग्लैंड के जोस बटलर (172) हैं।

Related Articles

Back to top button