राजधानी में हनीट्रैप के जरिए ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के बीरगांव गांधी नगर निवासी 54 वर्षीय फैक्ट्री कर्मचारी को प्रेमजाल में फंसाकर नशीला पदार्थ मिलाकर शराब पिलाई गई। बेहोशी की हालत में उसकी अश्लील तस्वीरें खींचकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने और स्वजन को भेजने की धमकी देकर छह महीने में दो लाख 17 हजार रुपये वसूल लिए गए। आरोपित महिला ने बाद में 27 लाख रुपये की और मांग की। लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान पीड़ित ने गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित दुलीचंद कुम्हार की पहचान अशोक नगर श्मशान घाट के पास रहने वाली मांगेश्वरी सिंह उर्फ जोगेश्वरी उर्फ रिंकी से हुई थी। बातचीत के बाद दोनों के बीच संपर्क बढ़ा। जांच में सामने आया है कि महिला अपने पति से अलग रहती है। छह जनवरी को महिला ने दुलीचंद को अपने घर बुलाया, जहां पहले से एक अन्य महिला मौजूद थी। दोनों ने उसे शराब पिलाई, जिसमें नशीला पदार्थ मिला होने का आरोप है। शराब पीने के बाद वह बेहोश हो गया। होश आने पर उसने खुद को बिना कपड़ों के पाया और घर लौट गया।
अश्लील फोटो दिखाकर शुरू की ब्लैकमेलिंग
दो दिन बाद महिला ने उसे फिर घर बुलाया और बेहोशी के दौरान खींची गई अश्लील तस्वीरें दिखाईं। आरोप है कि महिला ने तस्वीरें पत्नी, बेटे, रिश्तेदारों और इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगे। बदनामी के डर से पीड़ित ने आठ जनवरी को 50 हजार रुपये आनलाइन ट्रांसफर किए। इसके बाद फरवरी में 48 हजार, मार्च में 45 हजार, अप्रैल में 46 हजार, मई में 46 हजार और जून में 30 हजार रुपये लिए गए। इस तरह छह महीने में कुल 2.17 लाख रुपये वसूले गए।
अब 27 लाख की मांग, पुलिस कर रही जांच
पीड़ित का आरोप है कि रकम लेने के बाद भी महिला का लालच नहीं रुका और उसने एकमुश्त 27 लाख रुपये की मांग कर दी। लगातार धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस बैंक खातों में हुए लेनदेन, मोबाइल काल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
