बिलासपुर। शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अरविंद दिवाकर को गिरफ्तार किया है। पुलिस सिविल लाइन और सिटी कोतवाली क्षेत्र से चोरी हुई तीन होंडा एक्टिवा के मामलों की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अरविंद दिवाकर, पिता दानी दिवाकर, सकरी थाना क्षेत्र के अटल आवास का निवासी है। जांच में उसलापुर रेलवे स्टेशन के बाहर और राजेंद्र नगर स्थित किरण कुंज हॉस्टल के सामने से चोरी हुई एक्टिवा के मामलों में कार्रवाई की गई है। वहीं, तेलीपारा क्षेत्र से चोरी हुई एक अन्य एक्टिवा के मामले में भी जांच की जा रही है।
मई और अक्टूबर में हुई थी चोरी
15 मई 2026 को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के उसलापुर रेलवे स्टेशन के बाहर से होंडा एक्टिवा 125, क्रमांक सीजी 28 वी 0969 चोरी हुई थी। इस मामले में 16 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसी तरह 19 अक्टूबर 2026 को राजेंद्र नगर स्थित किरण कुंज हॉस्टल के गेट के सामने से पर्ल व्हाइट रंग की होंडा एक्टिवा, क्रमांक सीजी 12 बीडब्ल्यू 5746 चोरी हुई थी। इसकी रिपोर्ट 23 अक्टूबर को दर्ज कराई गई थी।
इसके अलावा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के तेलीपारा से 24 सितंबर 2026 को होंडा एक्टिवा, क्रमांक सीजी 10 बीडी 7043 चोरी हुई थी। इस मामले में 25 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस इस प्रकरण की भी जांच कर रही है।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई में सिविल लाइन थाने के प्रधान आरक्षक विश्वदीप त्रिपाठी तथा एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, उप निरीक्षक हेमंत आदित्य, प्रधान आरक्षक आतिश पारीक, आरक्षक बीरेंद्र राजपूत और आरक्षक योगेश साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करें और हैंडल लॉक सहित अन्य सुरक्षा उपायों का उपयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वाहन चोरी की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
