Hemant Soren Gift : झारखंड के सरकारी कर्मचारियों का डीए बढ़कर 58% हुआ, सरकार ने दिया दिवाली तोहफा

Hemant Soren Gift
Hemant Soren Gift : झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने राज्य के सभी सरकारी कर्मचारियों और पेंशनधारकों को दीपावली और छठ पर्व पर बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने महंगाई भत्ता (Dearness Allowance Hike) को तीन प्रतिशत बढ़ाकर 58 प्रतिशत कर दिया है। इससे पहले, कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को क्रमशः 55 प्रतिशत डीए और डीआर प्राप्त हो रहा था।
डीए में की गई यह बढ़ोतरी एक जुलाई से लागू होगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इस निर्णय से राज्य सरकार के लगभग तीन लाख कर्मचारियों और पेंशनधारकों को सीधा लाभ मिलेगा। इस फैसले को राज्य सरकार की ओर से कर्मचारियों के लिए एक बड़ा (Dearness Allowance Hike) दिवाली बोनस बताया जा रहा है।
मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 24 प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। इनमें दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए 207 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एम्बुलेंस खरीदने का निर्णय भी शामिल है। अधिकारियों के अनुसार, इसके लिए कुल 103.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा, पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए 628 चारपहिया और 849 दोपहिया वाहनों की खरीद को भी मंजूरी दी गई है, जिस पर 78.50 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। राज्य सरकार के इस कदम से जहां एक ओर कर्मचारियों में खुशी की लहर है, वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक स्तर पर भी इसे आर्थिक दृष्टि से स्थिरता और मनोबल बढ़ाने वाला फैसला माना जा रहा है।