छत्तीसगढ़

GST Fraud Chhattisgarh : ‘मृतकों’ से करोड़ों का सौदा…रायपुर में लोहे के सौदागर ने बनाई फर्जी दुनिया…26 करोड़ टैक्स घोटाले में गिरफ्तार…

रायपुर, 12 जून| GST Fraud Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ की राजधानी में टैक्स चोरी की ऐसी पटकथा सामने आई है, जो कल्पना से भी परे है। एक लोहे के कारोबारी ने अपने मुनाफे की लकीर को इतना लंबा खींचा कि वह कानून के दायरे में आ गया—और अब सलाखों के पीछे है। 32 वर्षीय अमन अग्रवाल, जो अगस्त्या एंटरप्राइजेज और अग्रवाल एंटरप्राइजेज का संचालक है, 26 करोड़ रुपए की टैक्स चोरी के आरोप में गिरफ्तार हुआ है।

जिनकी सांसें बंद थीं, उनके नाम से शुरू हुआ व्यापार

जांच में जो सबसे चौंकाने वाला खुलासा हुआ वह यह कि कुछ बोगस फर्में उन लोगों के नाम पर थीं, जो वर्षों पहले इस दुनिया को अलविदा कह चुके थे। 2010 में जिनकी मृत्यु हो चुकी थी, उनके नाम पर 2013 और 2015 में करोड़ों की खरीदी दिखाई गई।

https://www.youtube.com/watch?v=1wqzmc5cV1g

144 करोड़ की फर्जी इनवॉइसिंग, सिर्फ दिखाने के लिए

GST जांच में खुलासा हुआ कि अमन अग्रवाल ने 2023 से 2025 तक करीब 144 करोड़ रुपए की फर्जी खरीद बोगस फर्मों के नाम पर दिखाकर इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ उठाया। इसके बाद इस फर्जी ITC को अन्य जिलों के व्यापारियों को पास ऑन करके 26 करोड़ का सीधा फायदा लिया।

ये हैं फर्जी फर्मों के नाम जिनसे चला घोटाला का खेल

हुसैनी इंटरप्राइजेज

धन लक्ष्मी इंटरप्राइजेज

महावीर इंटरप्राइजेज

यूनिक इंटरप्राइजेज

अंसारी ट्रेडर्स

विनायक वेंचर्स

ललित ट्रेडलिंक

अगस्त्या इंटरप्राइजेज

GST धारा 69 और 132(B) में कार्रवाई, दस्तावेज जब्त

GST टीम ने GST Act की धारा 69 और 132(B) के तहत अमन अग्रवाल पर कार्रवाई की। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और जब्त दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है।

जेल की चौखट पर अगला कदम

पूरी जांच के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां उसे न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की संभावना है। अब टैक्स सिस्टम की सुरक्षा और फर्जीवाड़े के विरुद्ध कानून की आक्रामकता को लेकर यह केस मील का पत्थर साबित हो सकता है।

Related Articles

Back to top button