Farmer Welfare Year 2026 : प्रदेश के विकास की रफ्तार होगी और तेज, 2026 रहेगा किसान कल्याण वर्ष : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

Farmer Welfare Year 2026

Farmer Welfare Year 2026

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश अब विकास की नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से अग्रसर है और आने वाले समय में प्रदेश के विकास की गति और अधिक तेज होगी। सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी वर्ग मुख्यधारा से वंचित न रहे। नागरिकों की समृद्धि और खुशहाली ही सरकार का वास्तविक पारितोषिक है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को उज्जैन जिले के खाचरौद में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 78 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से पूर्ण एवं प्रस्तावित 39 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।

78.61 करोड़ के विकास कार्यों से बदलेगा खाचरौद का स्वरूप

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन 39 विकास कार्यों में 48 करोड़ 51 लाख रुपये की लागत के 16 कार्यों का लोकार्पण और 30 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत वाले 23 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं खाचरौद के समग्र विकास की मजबूत नींव रखेंगी और क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेंगी।

सांदीपनि विद्यालय और कृषि उपज मंडी की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 35 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय भवन और 11 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से बने नवीन कृषि उपज मंडी प्रांगण का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालय आधुनिक शिक्षण सुविधाओं से युक्त शिक्षा के पवित्र केंद्र बनेंगे, जो बच्चों के बेहतर और सुनहरे भविष्य की नई इबारत लिखेंगे।

नवीन कृषि उपज मंडी में किसानों की सुविधा के लिए कृषक विश्राम भवन, भोजनालय, पेयजल टंकी और प्याऊ की व्यवस्था की गई है, जिससे किसानों को बेहतर विपणन और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।

खाचरौद को मिलेगा प्रशासनिक और आधारभूत मजबूती

मुख्यमंत्री ने 9 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले संयुक्त तहसील कार्यालय भवन, 5 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले जनपद पंचायत भवन तथा 6 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत से स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम-2.0) से जुड़े कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा संचालित माध्यमिक विद्यालय में 11 स्मार्ट क्लासेस का भी लोकार्पण किया गया।

फूड प्रोसेसिंग पार्क और स्टेडियम की घोषणा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खाचरौद में फूड प्रोसेसिंग पार्क और खिलाड़ियों के लिए नया स्टेडियम बनाए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर होने वाली हरी मटर सहित अन्य कृषि उत्पादों को देश-विदेश तक पहुंचाने के लिए यह पार्क किसानों और उद्यमियों के लिए नई संभावनाएं खोलेगा।

फोरलेन और सिंचाई परियोजनाओं से बदलेगी तस्वीर

मुख्यमंत्री ने बताया कि नागदा-खाचरौद-जावरा-उज्जैन मार्ग पर करीब 5 हजार करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन हाईवे का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा पार्वती-कालीसिंध-चंबल राष्ट्रीय नदी जोड़ो परियोजना से मालवा, निमाड़ और चंबल अंचल को स्थायी सिंचाई सुविधा मिलेगी। सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में प्रदेश की सिंचाई क्षमता को 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाना है।

2026 रहेगा किसान कल्याण वर्ष

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ऐलान किया कि वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गेहूं उपार्जन पर किसानों को 175 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया जा रहा है। सरकार किसानों को अन्नदाता से ऊर्जादाता बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसके तहत 32 लाख किसानों को सोलर पंप उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उन्हें बिजली बिल से स्थायी राहत मिलेगी और अतिरिक्त आय के अवसर भी प्राप्त होंगे।

सांस्कृतिक विरासत और शिक्षा पर भी फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ 2028 की तैयारियां तेज हैं और प्रदेश में सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के साथ श्रीकृष्ण पाथेय जैसे अभियानों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रदेशभर में आधुनिक स्कूलों का निर्माण किया जा रहा है और खाचरौद को मिला नया सांदीपनि विद्यालय इसी दिशा में एक अहम कदम है।

किसान-कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को अब तक करीब 3 हजार करोड़ रुपये की सहायता दी गई है, जबकि भावांतर योजना के तहत 6.50 लाख किसानों को 1300 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि नदी जोड़ो परियोजनाओं और मेट्रोपोलिटन एरिया विस्तार से प्रदेश के विकास को नई गति मिल रही है।

कार्यक्रम में उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य उमेशनाथ महाराज, विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, नागरिक और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।