Elephant Friend Squad: मानव-हाथी द्वंद्व कम करने में ‘हाथी मित्र दल’ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण : वन मंत्री केदार कश्यप

रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ में हाथी-मानव द्वंद्व (Elephant Friend Squad) को प्रभावी ढंग से रोकने और वनांचल क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए वन विभाग लगातार गंभीर प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में, राज्य के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कोरबा प्रवास के दौरान पुतका पहाड़ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कॉफी पॉइंट पर तैनात ‘हाथी मित्र दल(हाथी मितान) के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें आवश्यक सुरक्षा उपकरण और किट वितरित किए।

मैदानी अमले और स्थानीय दल की भूमिका अहम

वन मंत्री कश्यप ने मैदानी स्तर पर तैनात हाथी मित्र दल (Elephant Friend Squad) के सदस्यों को उनके कार्य के दौरान सुरक्षा संसाधन मुहैया कराने के उद्देश्य से ये किट सौंपे। इस दौरान उन्होंने कहा कि हाथियों की गतिविधियों की सतत निगरानी करना, ग्रामीणों को समय पर अलर्ट भेजना और संभावित टकराव को टालना—इन सभी कार्यों में ‘हाथी मित्र दल’ की भूमिका बेहद अहम है। हाथियों को वन पारिस्थितिकी तंत्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए उन्होंने जोर दिया कि स्थानीय स्तर पर जन-जागरूकता और वन विभाग के मैदानी अमले के साथ आपसी समन्वय से द्वंद्व की घटनाओं को न्यूनतम किया जा सकता है।

मैदानी चुनौतियों पर चर्चा और हौसला अफजाई

निरीक्षण के दौरान वन मंत्री ने दल (Elephant Friend Squad) के सदस्यों से संवाद कर उनकी मैदानी चुनौतियों और सुरक्षा आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी सदस्यों को पूरी सावधानी और सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर गोपाल मोदी, जोगेश लांबा सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Exit mobile version