डोंगरगढ़। क्वांर नवरात्रि के पहले दिन रविवार को मां बम्लेश्वरी के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर के पट खुलते ही माता के दर्शन के लिए भक्तों की कतारें लग गईं। ट्रस्ट समिति से मिली जानकारी के अनुसार, पहले ही दिन 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। रविवार को अवकाश होने के कारण शनिवार रात से ही भक्तों के डोंगरगढ़ पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दिनभर मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंजता रहा।
नवरात्रि के पहले दिन ऊपरी मंदिर में देर शाम तक 8261 और निचले मंदिर में 901 ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए। इसके अलावा शीतला माता मंदिर में 63 और छिन्नमस्ता मंदिर में 11 ज्योति कलश स्थापित किए गए। ज्योति कलश की स्थापना के साथ ही मंदिरों में नवरात्रि के धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
सीढ़ियों और रोपवे से पहुंचे भक्त
पहले दिन मां के दर्शन के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु डोंगरगढ़ पहुंचे। कई भक्त पदयात्रा करते हुए माता के दरबार में पहुंचे, जबकि अन्य श्रद्धालुओं ने ऊपरी मंदिर तक जाने के लिए सीढ़ियों और रोपवे का सहारा लिया। रोपवे में श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक होने के कारण टिकट लेने के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। वहीं, निचले मंदिर में भी सुबह से देर शाम तक भक्तों की आवाजाही बनी रही।
मीना बाजार में भी बढ़ी रौनक
नवरात्रि मेले के पहले दिन मंदिर के साथ मेला क्षेत्र में भी चहल-पहल बढ़ गई। मीना बाजार का उद्घाटन गजेंद्र यादव ने किया। मेले में पहुंचे लोगों ने दुकानों और मनोरंजन स्थलों का रुख किया। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के साथ ही बाजार क्षेत्र में भी रौनक दिखाई देने लगी।
सुरक्षा के लिए तैनात रहा पुलिस बल
नवरात्रि के पहले दिन उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा। श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित रखने और दर्शन के दौरान किसी तरह की असुविधा से बचाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। पहले दिन ही बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने से डोंगरगढ़ में नवरात्रि मेले की रौनक बढ़ गई।
