सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने की हरिद्वार, रीवा और पूर्वोत्तर के लिए नई ट्रेनों की मांग

रायपुर। छत्तीसगढ़ रेल यूजर्स ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर मंडल स्तरीय सांसद समिति की बैठक (Divisional Railway Committee Meeting) में प्रदेश के यात्रियों से जुड़ी प्रमुख रेल मांगों को प्राथमिकता से शामिल करने का आग्रह किया है। संस्था के आकाश सोनी, अजय कुमार और उनकी टीम ने मांग पत्र सौंपते हुए धार्मिक, पर्यटन, व्यावसायिक और पूर्वोत्तर क्षेत्रों के लिए छत्तीसगढ़ से बेहतर रेल कनेक्टिविटी (Rail Connectivity) उपलब्ध कराने की मांग की है।
रेल यूजर्स ने बैठक के एजेंडे में नौ प्रमुख मांगों को शामिल करने का सुझाव दिया है। इनमें उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों और हरिद्वार के लिए दुर्ग या रायपुर से नियमित अथवा सप्ताह में कम से कम दो दिन नई ट्रेन शुरू करने की मांग प्रमुख है। इसके अलावा बिलासपुर से रायपुर, दुर्ग और नागपुर के रास्ते उदयपुर (राजस्थान) के लिए नियमित नई ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रखा गया है।

रीवा और बस्तर के लिए सीधी रेल सेवा की मांग
मांग पत्र में बिलासपुर-पेंड्रा रोड-कटनी मार्ग से रायपुर और रीवा के बीच सीधी ट्रेन सेवा (Direct Train Service) शुरू करने की मांग की गई है। इसका रखरखाव रीवा में करने का सुझाव दिया गया है। वहीं बिलासपुर और राजधानी रायपुर को बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर से जोड़ने के लिए नई सुपरफास्ट ट्रेन (Superfast Train) शुरू करने की मांग भी रखी गई है। इसके अलावा नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस को अतिरिक्त रैक (Additional Rake) की व्यवस्था कर बिलासपुर तक विस्तारित करने का प्रस्ताव दिया गया है। बिलासपुर-धमतरी मार्ग पर हसदेव एक्सप्रेस की तर्ज पर नियमित इंटरसिटी सेवा (Intercity Service) शुरू करने की मांग की गई है। इससे राजिम और धमतरी क्षेत्र के यात्रियों को भी बेहतर रेल सुविधा मिलने की उम्मीद जताई गई है।
गुवाहाटी और जैसलमेर तक ट्रेन चलाने का प्रस्ताव
पूर्वोत्तर भारत (North-East India) को छत्तीसगढ़ से सीधे जोड़ने के लिए बिलासपुर और न्यू जलपाईगुड़ी के रास्ते गुवाहाटी तक नई ट्रेन चलाने की मांग की गई है। इससे दार्जिलिंग और सिक्किम जाने वाले यात्रियों को भी सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी। मांग पत्र में इस ट्रेन के फेरे बढ़ाकर जैसलमेर तक विस्तार करने और इसे प्रतिदिन संचालित करने का सुझाव दिया गया है। जैन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दुर्ग से पवित्र तीर्थ स्थल सम्मेद शिखरजी (पारसनाथ) के लिए भी नई नियमित ट्रेन शुरू करने की मांग की गई है। छत्तीसगढ़ रेल यूजर्स ने उम्मीद जताई है कि सांसद इन प्रस्तावों को रेलवे बोर्ड और रेल मंत्रालय के समक्ष प्राथमिकता से रखेंगे। इससे प्रदेश के यात्रियों को आने वाले समय में सुगम, सीधी और बेहतर रेल सुविधाएं (Better Rail Services) मिल सकेंगी।



