केंद्रीय गृहमंत्री शाह के दौरे से पहले बस्तर में नक्सलियों की कायराना करतूत

आईडी की चपेट में आने से आरक्षक मंगलू कुडिय़म और योगेश्वर शोरी घायल
नक्सलियों ने की जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग
बीजापुर। Union Home Minister Amit Shah केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बस्तर दौरे से पहले नक्सलियों की कायराना करतूत सामने आई है। नक्सलियों ने बुधवार को भाजपा कार्यकर्ता का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी। वहीं उनके द्वारा लगाए गए आईईडी ब्लास्ट होने से डीआरजी के दो जवान घायल हुए हैं। यह घटना गंगालूर थाना क्षेत्र के मुनगा के पास हुई है। नक्सलियों के प्लांट प्रेशर आईडी की चपेट में आने से आरक्षक मंगलू कुडिय़म और योगेश्वर शोरी घायल हुए हैं। घायल जवानों को जिला हॉस्पिटल बीजापुर लाया गया है, जहां जवानों का इलाज जारी है।
हफ्तेभर में दो भाजपा नेता की हत्या
बता दें कि बीते दिनों नक्सलियों ने भैरमगढ़ के बिरयाभूमि में भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष की हत्या की थी। अब कुटरू तहसील के ग्राम सोमनपल्ली निवासी भाजपा कार्यकर्ता माड़ो राम कुडिय़म को मौत के घाट उतारा गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा कि भाजपा कार्यकर्ता माड़ो राम कुडिय़म की नक्सलियों ने देर रात घर से अपहरण किया था और गला घोंटकर उसकी हत्या की है। इसके बाद सोमनपल्ली मार्ग पर शव फेंका गया है। शव के पास से पर्चा बरामद हुआ है। पर्चा में मुखबिरी का आरोप लगाया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 40 नक्सलियों की सूचना पर
बुधवार की सुबह डीआरजी की टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। इस दौरान मुनगा के जंगल में पहले से घात लगाए नक्सलियों ने जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए एक वर्दीधारी नक्सली को मार गिराया। जवानों ने मौके से एक पिस्टल, जिंदा आईईडी और अन्य नक्सल सामग्री बरामद की है।