Chhattisgarh Polo Triumph : अंतरराष्ट्रीय पोलो टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ का ऐतिहासिक प्रदर्शन, CM ने खिलाड़ियों को दी बधाई

Chhattisgarh Polo Triumph

अंतरराष्ट्रीय पोलो के इतिहास में छत्तीसगढ़ ने पहली बार सुनहरा अध्याय जोड़ दिया है। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से अंतरराष्ट्रीय पोलो टूर्नामेंट में शामिल राज्य के खिलाड़ियों ने सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री ने टीम को उनके शानदार प्रदर्शन पर बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है (Chhattisgarh Polo Triumph)। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी मेहनत, अनुशासन और जोश के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के आदिवासी युवाओं में अपार खेल प्रतिभा है। राज्य सरकार की सहयोगी नीतियों ने घुड़सवारी और पोलो को नई दिशा दी है, जिससे अब राज्य के युवा राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं।

छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh Polo Triumph) की टीम ने इतिहास रचते हुए 22–29 नवंबर 2025 तक इंफाल में आयोजित 15वें मणिपुर अंतरराष्ट्रीय पोलो टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। यह क्षण इसलिए भी अत्यंत विशेष है क्योंकि देश के इतिहास में पहली बार किसी राज्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए आमंत्रित किया गया। अमेरिका, कोलंबिया, इंडियन पोलो एसोसिएशन और अन्य अंतरराष्ट्रीय टीमों के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करते हुए छत्तीसगढ़ ने अपना कौशल और दमखम प्रदर्शित किया ।

यह उपलब्धि आदिवासी युवाओं की बढ़ती भागीदारी और खेल क्षमता का प्रेरक उदाहरण है। इस सफलता के पीछे कई संस्थानों का योगदान रहा। छत्तीसगढ़ शासन, भारतीय सेना (NCC), दंतेवाड़ा व कांकेर जिला प्रशासन, ब्रीगो एंड हेक्टर इक्वेस्ट्रियन मैनेजमेंट कंपनी और रायपुर प्रशासन प्रमुख रूप से शामिल रहे।

टीम के सदस्यों में लेफ्टिनेंट कर्नल अमन सिंह (NCC), लांस नदिम अली (सेवानिवृत्त), वेदिका शरण, चित्रभानु सिंह, सैमुअल विश्वकर्मा, गोलू राम कश्यप, सुभाष लेकामि और देवकी कड़ती शामिल रहे। उल्लेखनीय है कि वेदिका शरण इससे पहले सितंबर 2025 में बेंगलुरु में आयोजित घुड़सवारी की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत में दूसरा और विश्व स्तर पर 15वां स्थान हासिल कर चुकी हैं।

“खेल से शक्ति” पहल के अंतर्गत दंतेवाड़ा और कांकेर के प्रतिभाशाली छात्रों को घुड़सवारी और पोलो का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण ब्रीगो एंड हेक्टर इक्वेस्ट्रियन मैनेजमेंट कंपनी ने भारतीय सेना के अनुभवी पोलो खिलाड़ियों के सहयोग से संचालित किया। यह पहल आदिवासी युवाओं को खेल, शिक्षा और प्रशिक्षण के माध्यम से सशक्त बनाने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को मजबूती देती है। इस मौके पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के आयुक्त अवनीश शरण और घुड़सवारी प्रशिक्षक गीता दहिया भी उपस्थित रहीं।