Chhattisgarh Political Controversy : हिड़मा के समर्थन में पोस्ट करने वाली कांग्रेसी नेत्री पद से हटाई, उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित
Chhattisgarh Political Controversy
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सह सचिव प्रीति मांझी (Chhattisgarh Political Controversy) के विवादित सोशल मीडिया पोस्ट ने प्रदेश की राजनीति में बड़ा बवाल खड़ा कर दिया है। कुख्यात माओवादी कमांडर माड़वी हिड़मा के मारे जाने के बाद उनके समर्थन में सोशल मीडिया पर “लाल सलाम कामरेड हिड़मा” लिखने के मामले को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस ने कड़ा कदम उठाया है।
युवा कांग्रेस ने तुरंत प्रभाव से प्रीति मांझी के संगठनात्मक कार्यों पर अस्थायी रोक लगा दी है। साथ ही प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए एक उच्चस्तरीय कमेटी गठित की गई है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आने तक वह किसी भी तरह का संगठनिक दायित्व नहीं निभा सकेंगी।
पोस्ट वायरल होने के बाद यह मामला इंटरनेट मीडिया पर तेज़ी से फैल गया और विवाद बढ़ता चला गया। राजनीतिक हलकों में भी इस पर तीखी प्रतिक्रियाएँ देखने को मिलीं। विपक्ष ने इसे देश की सुरक्षा व्यवस्था पर हमला बताते हुए कार्रवाई की मांग की थी। इसके जवाब में युवा कांग्रेस ने कहा कि यह मामला केवल सोशल मीडिया पोस्ट नहीं बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्था से जुड़ा अत्यंत गंभीर विषय है।
हालांकि विवाद बढ़ने के बाद प्रीति मांझी (Chhattisgarh Political Controversy) ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी बात को गलत तरीके से समझा गया है। उन्होंने कहा “मैं गांधीवादी विचारधारा की हूँ और किसी भी रूप में हिंसा या माओवादी गतिविधियों का समर्थन नहीं करती। मेरे पोस्ट का गलत अर्थ निकाला गया।” प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रभारी अमित सिंह पठानिया ने पुष्टि की कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने पूरी घटना की जांच के लिए एक विशेष समिति गठित की है। कमेटी स्वतंत्र रूप से पूरे प्रकरण की पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
यह मामला प्रदेश की राजनीति (Chhattisgarh Political Controversy) में गरमाया हुआ है और इंटरनेट मीडिया पर भी इसकी व्यापक चर्चा हो रही है। समर्थकों और विरोधियों के बीच तीखी बहस जारी है। युवा कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि संगठन देशद्रोही गतिविधियों, हिंसा और माओवादी विचारधारा के किसी भी रूप में समर्थन को बर्दाश्त नहीं करेगा।
