Petrol Burn Incident : शराब के विवाद में हैवान बना पति, पत्नी और नाबालिग बेटी को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, इलाके में सनसनी

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने (Petrol Burn Incident) आया है। यहां एक पति ने शराब पीने को लेकर हुए विवाद के बाद अपनी ही पत्नी और नाबालिग बेटी को पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। यह दिल दहला देने वाली घटना गौरेला थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि मां-बेटी गंभीर रूप से झुलस गईं।
जानकारी के अनुसार, आरोपी शंकर पांडेय अपनी पत्नी शमा और नाबालिग बेटी के साथ एडिशनल एसपी कार्यालय के सामने स्थित एक सुलभ शौचालय परिसर में अस्थायी रूप से रह रहा था। वह वहीं सुलभ शौचालय के संचालन और देखरेख का काम भी करता था। बताया जा रहा है कि शंकर को शराब पीने की लत थी, जिसको लेकर उसका पत्नी और बेटी से अक्सर विवाद होता रहता था।
मंगलवार की शाम भी शंकर शराब के नशे में घर लौटा और इसी बात को लेकर पत्नी व बेटी से झगड़ा शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि उसने आपा खोते हुए दोनों पर पेट्रोल (Petrol Burn Incident) उड़ेल दिया और आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी मां-बेटी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद दोनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
इस आगजनी की घटना में कमरे के भीतर रखा घरेलू सामान भी पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना के बाद आरोपी शंकर पांडेय मौके से फरार हो गया है। पुलिस को अस्पताल से घटना की सूचना (मेमो) भेजी गई है, जिसके आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस मामले में औपचारिक एफआईआर दर्ज किए जाने की प्रक्रिया जारी बताई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पीड़ितों के बयान और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज (Petrol Burn Incident) किया जाएगा। वहीं, इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी की शराब की लत और आए दिन होने वाले झगड़े की शिकायतें पहले भी सामने आती रही थीं, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई।
यह घटना एक बार फिर घरेलू हिंसा और नशे की लत से जुड़ी भयावह सच्चाई को सामने लाती है, जहां गुस्से और नशे में इंसान अपने ही परिवार के खिलाफ सबसे खौफनाक कदम उठा लेता है।



