छत्तीसगढ़

CG Weather Update: फुहारों से 5 डिग्री गिरा पारा, 3 सितंबर तक मानसून रहेगा मेहरबान, 10 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

CG Weather Update: रायपुर। राजधानी समेत पूरे प्रदेश में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज हो गई हैं। शनिवार को रायपुर में दिनभर हुई रुक-रुककर फुहारों ने मौसम का मिजाज खुशनुमा बना दिया, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम में आए बदलाव के चलते रायपुर के अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को जहां शहर का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास था, वहीं शनिवार को यह गिरकर 26 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र (Low-Pressure Area) के प्रभाव से 30 अगस्त से प्रदेश भर में बारिश का दौर और तेज होगा, जो 3 सितंबर तक लगातार सक्रिय रहने की संभावना है।

10 जिलों के लिए अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 प्रमुख जिलों—जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरिया, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर में आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी है। इन इलाकों में मेघगर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने के आसार हैं। राजधानी में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी। रविवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

घाटे की भरपाई करेगा सितंबर का पहला हफ्ता (CG Weather Update)

मानसून सीजन में अब तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से करीब 4 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सितंबर के पहले सप्ताह में मानसून की यह सक्रियता बनी रहती है, तो बारिश की यह कमी काफी हद तक पूरी हो जाएगी।

24 घंटे के प्रमुख बारिश आंकड़े

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश सरगुजा संभाग के शंकरगढ़ में दर्ज की गई।

  • शंकरगढ़: 6 सेमी
  • ओडगी: 4 सेमी
  • करतला: 3 सेमी
  • छुरा, लटोरी, सूरजपुर, डोंगरगढ़, कुसमी व छाल: 2-2 सेमी

पढ़ें ये खबरें

Related Articles

Back to top button