CG UNICEF Joint Meeting: मुख्य सचिव ने ली संयुक्त बैठक, बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं को मजबूत करने पर जोर

रायपुर। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन (CG UNICEF Joint Meeting) में राज्य में बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में यूनिसेफ के प्रतिनिधियों के साथ-साथ स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, महिला एवं बाल विकास और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में राज्य के बच्चों के समग्र विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और साफ-सफाई सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

पोषण और स्वास्थ्य पर विशेष फोकस

कुपोषण, एनीमिया, विकास में देरी और मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर गहन समीक्षा की गई। बच्चों के स्वास्थ्य कार्यक्रमों के तहत आवश्यक माइक्रोन्यूट्रिएंट्स, फोलेट, विटामिन बी-12 और जिंक की उपलब्धता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए।

गंभीर समस्याओं की समीक्षा

मातृ एवं शिशु मृत्यु दर, एनीमिया नियंत्रण, कुपोषण और बाल विवाह जैसी सामाजिक व स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान पर जोर दिया गया।

कम्यूनिटी मैनेजमेंट का विस्तार

बच्चों के कम्यूनिटी मैनेजमेंट को राज्य (CG UNICEF Joint Meeting) के सभी जिलों तक विस्तारित करने और विकलांगता वाले बच्चों के अभिभावकों को खानपान संबंधी सहायता देने के लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता बताई गई।

टेक होम राशन और पोषण पद्धतियां

टेक होम राशन की गुणवत्ता और प्रभावशीलता सुधारने के साथ ही घर पर पौष्टिक भोजन तैयार करने और बच्चों को खिलाने की बेहतर पद्धतियों को बढ़ावा देने की जानकारी दी गई।

ग्राम पंचायत स्तर पर अनाज बैंक

ग्राम पंचायत स्तर पर अनाज बैंक की अवधारणा पर चर्चा हुई, जिससे अनाज, दाल और फलियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। साथ ही, किसानों को पोषक तत्वों से भरपूर फसलों और दालों के अच्छे बीज उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

मलेरिया नियंत्रण और बस्तर में विशेष कार्यक्रम

राज्य में चलाए गए एंटी-मलेरिया अभियान (CG UNICEF Joint Meeting) के परिणामस्वरूप मलेरिया रोगियों की संख्या में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। इसके अलावा, बस्तर संभाग में बच्चों को एनीमिया से मुक्त करने के लिए विशेष स्वास्थ्य कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय मजबूत करने, योजनाओं का क्रियान्वयन मैदानी स्तर पर प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित अधिकारी

इस उच्चस्तरीय बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव अमित कटारिया, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव अब्दुल कैसर हक, गृह विभाग की सचिव नेहा चंपावत, और आयुक्त समग्र शिक्षा सुश्री किरण कौशल सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

↑
Exit mobile version