
छत्तीसगढ़ प्रशासनिक गलियारों से बड़ी खबर सामने (CG IAS Promotion) आई है। केंद्र सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय (कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग) ने अधिसूचना जारी कर राज्य के दो अलाइड सर्विस अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नत किया है। यह नियुक्ति वर्ष 2024 की चयन सूची (नॉन-एससीएस) के अंतर्गत की गई है।
जारी आदेश के मुताबिक 1 जनवरी 2024 से 31 दिसंबर 2024 के बीच उत्पन्न रिक्तियों के विरुद्ध चयन करते हुए ऋषभ कुमार पराशर और तरुण कुमार किरण को आईएएस कैडर में शामिल किया गया है। यह पदोन्नति भारतीय प्रशासनिक सेवा (भर्ती) नियम, 1954 तथा संबंधित विनियमों के तहत की गई है।

किन सेवाओं से आए दोनों अधिकारी?
ऋषभ कुमार पराशर राज्य वित्त सेवा से जुड़े रहे हैं और वित्तीय प्रशासन में उनका अनुभव उल्लेखनीय (CG IAS Promotion) माना जाता है। वहीं तरुण कुमार किरण जीएसटी विभाग में पदस्थ अधिकारी के रूप में कार्यरत थे। दोनों अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों में प्रशासनिक दक्षता और सेवा अनुभव के आधार पर यह उपलब्धि हासिल की है।
नॉन-एससीएस कोटे से हुआ चयन
जानकारी के अनुसार यह चयन नॉन-एससीएस (Non-State Civil Service) कोटे के तहत किया गया है, जिसके माध्यम से राज्य की अन्य सेवाओं में कार्यरत योग्य अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आईएएस में पदोन्नत किया जाता है। चयन प्रक्रिया में सेवा अभिलेख, अनुभव और वरिष्ठता सहित विभिन्न मानकों का परीक्षण किया जाता है।
प्रशासनिक हलकों में इस पदोन्नति को राज्य के लिए महत्वपूर्ण (CG IAS Promotion) माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों अधिकारी आईएएस के रूप में नई जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए राज्य प्रशासन को और मजबूत करेंगे।



