Cervical Spondylitis : गर्दन के दर्द से रोज हो रहे हैं परेशान, कुर्सी पर बैठे बैठे करें ये आसान एक्सरसाइज और पाएं राहत
घंटों कंप्यूटर के सामने बैठकर काम करना आज लाखों लोगों की दिनचर्या बन (Cervical Spondylitis) चुका है। लगातार एक ही मुद्रा में बैठे रहने और गलत पोस्चर की वजह से गर्दन और कंधों का दर्द तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में सर्वाइकल स्पॉन्डिलाइटिस की समस्या भी आम होती जा रही है, जिससे दफ्तर में काम करना कई लोगों के लिए मुश्किल बन जाता है।
अच्छी बात यह है कि इस परेशानी से राहत पाने के लिए आपको जिम जाने या लंबा समय निकालने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज कुर्सी पर बैठे बैठे भी की जा सकती हैं, जो गर्दन और कंधों की जकड़न कम करने में मददगार साबित हो सकती हैं।
नेक रोटेशन से कम होगी जकड़न Cervical Spondylitis
सीधे बैठकर गर्दन को धीरे धीरे दाईं ओर घुमाएं और कुछ सेकंड रुकें। इसके बाद सामान्य स्थिति में लौटकर यही प्रक्रिया बाईं ओर दोहराएं। फिर गर्दन को ऊपर और नीचे की तरफ धीरे से झुकाएं। इस अभ्यास को पांच से दस बार करें। गर्दन को झटके से घुमाने से बचें।
शोल्डर रोल से मिलेगा आराम
रीढ़ को सीधा रखते हुए दोनों कंधों को ऊपर उठाएं और गोल घुमाते हुए पीछे की तरफ ले जाएं। इसे दस बार करें। इसके बाद उल्टी दिशा में भी दस बार दोहराएं। इससे कंधों और ऊपरी पीठ की मांसपेशियों का तनाव कम हो सकता है।
चिन टक से सुधरेगा पोश्चर
सीधे बैठकर सामने देखें। अब ठुड्डी को नीचे झुकाए बिना धीरे धीरे पीछे की तरफ खींचें, जैसे डबल चिन बना (Cervical Spondylitis) रहे हों। इस स्थिति में पांच सेकंड रुकें और फिर सामान्य हो जाएं। इस एक्सरसाइज को दस बार करने से गर्दन के पिछले हिस्से की मांसपेशियां मजबूत होने में मदद मिलती है।
लेटरल नेक स्ट्रेच भी है फायदेमंद
दाहिने हाथ को सिर के ऊपर ले जाकर बाएं कान के पास रखें और हल्के दबाव के साथ सिर को दाहिने कंधे की ओर झुकाएं। जब गर्दन के बाएं हिस्से में हल्का खिंचाव महसूस हो तो लगभग पंद्रह सेकंड तक इसी स्थिति में रहें। इसके बाद दूसरी तरफ भी यही प्रक्रिया दोहराएं। इससे गर्दन की साइड वाली मांसपेशियों को आराम मिल सकता है।



