Cancelled MEMU Trains Restored : SECR का यू-टर्न, यात्रियों के भारी विरोध के बाद 12 रद्द ट्रेनें फिर बहाल, समर स्पेशल से भी मिली बड़ी राहत

छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए बुधवार की दोपहर एक बड़ी खुशखबरी लेकर (Cancelled MEMU Trains Restored) आई है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने यात्रियों की भारी परेशानी और बढ़ते दबाव को देखते हुए हाल ही में रद्द की गई 12 महत्वपूर्ण मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को तुरंत प्रभाव से बहाल कर दिया है।
पिछले कुछ दिनों से अकलतरा स्टेशन पर चल रहे चौथी लाइन के काम की वजह से इन ट्रेनों को 8 से 10 अप्रैल तक के लिए बंद किया गया था, लेकिन भीषण गर्मी और यात्रियों की असुविधा को देखते हुए रेलवे ने अपने फैसले को बदलते हुए इन्हें वापस पटरी पर उतार दिया है।
अकलतरा में चल रहा काम और बदली रणनीति (Cancelled MEMU Trains Restored)
दरअसल, रेलवे प्रशासन बिलासपुर रेल मंडल के अकलतरा स्टेशन पर चौथी लाइन की कनेक्टिविटी के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) का काम कर रहा है। नियमतः इस दौरान ट्रेनों का परिचालन रोकना पड़ता है,
लेकिन रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़ और गेवरारोड जैसे व्यस्त रूटों पर चलने वाले हजारों दैनिक यात्रियों के लिए ये ट्रेनें लाइफलाइन हैं। ट्रेनों के अचानक रद्द होने से दैनिक रेलयात्री संघ ने कड़ा विरोध दर्ज कराया था, जिसके बाद रेलवे ने बीच का रास्ता निकालते हुए अब इन ट्रेनों को उनके निर्धारित समय पर ही चलाने का निर्णय लिया है।
आज से ही दौड़ेंगी ये मुख्य गाड़ियां
रेलवे की आधिकारिक सूचना के मुताबिक, रायगढ़-बिलासपुर मेमू (68737/68738), बिलासपुर-रायगढ़ मेमू (68736/68735), और रायपुर-गेवरारोड मेमू (68746/68745) जैसी महत्वपूर्ण गाड़ियां आज 8 अप्रैल से 10 अप्रैल के बीच अपने पुराने शेड्यूल के हिसाब (Cancelled MEMU Trains Restored) से ही चलेंगी।
इसके अलावा कोरबा-रायपुर पैसेंजर (58204/58203) और गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू को भी बहाल कर दिया गया है। रेलवे ने साफ कर दिया है कि ये गाड़ियां अब शॉर्ट टर्मिनेट नहीं होंगी, बल्कि अपने अंतिम स्टेशन तक का सफर तय करेंगी।
वेटिंग के संकट के बीच समर स्पेशल का सहारा: एक तरफ जहाँ लोकल ट्रेनें बहाल हुई हैं, वहीं दूसरी तरफ लंबी दूरी के यात्रियों के लिए रेलवे ने समर स्पेशल ट्रेनों का तोहफा दिया है। पटना-चर्लपल्ली-पटना स्पेशल ट्रेन आज 8 अप्रैल से पटरी पर उतर रही है, जो मई के अंत तक कुल 15 फेरे लगाएगी।
यह ट्रेन बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग के रास्ते चलेगी, जिससे बिहार और दक्षिण भारत की यात्रा करने वालों को कन्फर्म बर्थ मिल सकेगी। साथ ही, 13 अप्रैल से तिरुपति-रक्सौल-तिरुपति स्पेशल ट्रेन भी शुरू हो रही है, जो 24 कोच के साथ यात्रियों को गर्मियों की भीड़ से निजात दिलाएगी।



