छत्तीसगढ़

BPL Electricity Scheme : बिजली बिल में बड़ी राहत का आखिरी मौका, BPL उपभोक्ताओं को करोड़ों की छूट, समय पर भुगतान नहीं किया तो कट सकता है कनेक्शन

जिले के हजारों बीपीएल बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की एक बड़ी खिड़की (BPL Electricity Scheme) खुली है, लेकिन यह मौका सीमित समय के लिए ही है। मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत बकाया बिजली बिल में भारी छूट दी जा रही है, जिससे लाखों रुपये का बोझ घट सकता है।

जिले में कुल 56,102 बीपीएल कनेक्शनधारकों पर लगभग 43 करोड़ रुपये का बकाया है। योजना के तहत अगर उपभोक्ता तय समय में पंजीयन कर अंतर की राशि का भुगतान कर देते हैं, तो उन्हें करीब 36.50 करोड़ रुपये तक की छूट मिल सकती है। यानी बड़ी राहत के बाद उपभोक्ताओं को कुल मिलाकर करीब 6 करोड़ रुपये ही चुकाने होंगे।

कितनी मिलेगी छूट, कैसे उठाएं लाभ

सरकार की इस योजना में निष्क्रिय बीपीएल उपभोक्ताओं को मूल बकाया में 75 प्रतिशत तक और अधिभार में 100 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है। वहीं घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं के लिए भी मूल बकाया में अधिकतम 50 प्रतिशत तक राहत का प्रावधान रखा गया है।

बची हुई राशि का भुगतान अधिकतम 6 किस्तों में किया (BPL Electricity Scheme) जा सकता है, हालांकि किस्तों के साथ छूट का प्रतिशत धीरे-धीरे कम होता जाएगा। पंजीयन के लिए केवल बिजली उपभोक्ता नंबर और मोबाइल नंबर की जरूरत होगी। इसके लिए ‘मोर बिजली’ ऐप या नजदीकी बिजली कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।

देवभोग से लेकर गोहरापदर तक सबसे ज्यादा लाभ

जिले के विभिन्न वितरण केंद्रों में इस योजना का असर साफ दिखाई दे रहा है। देवभोग क्षेत्र में सबसे अधिक 14,715 उपभोक्ता हैं, जिन पर करीब 12.93 करोड़ रुपये का बकाया है। यहां सिर्फ 1.69 करोड़ रुपये जमा करने पर 11.23 करोड़ रुपये की छूट मिल सकती है। इसी तरह झाखरपारा और गोहरापदर क्षेत्रों में भी हजारों उपभोक्ताओं को करोड़ों की राहत मिलने की संभावना है। कई स्थानों पर उपभोक्ताओं को बेहद कम भुगतान कर बड़ी रकम की छूट का लाभ मिल रहा है।

क्यों बढ़ा इतना बकाया?

विभागीय जानकारी के मुताबिक कई बीपीएल कनेक्शनधारकों ने मीटर लगने के बाद एक बार भी नियमित बिल का भुगतान नहीं किया। जबकि योजना के तहत सीमित यूनिट तक ही छूट दी जाती है, लेकिन उससे ज्यादा खपत होने पर बिल जमा नहीं किया गया। कुछ जगहों पर घरेलू कनेक्शन का उपयोग जरूरत से ज्यादा उपकरणों – जैसे कूलर, पंखा और सबमर्सिबल पंप – के लिए किया गया, जिससे बकाया राशि बढ़ती चली गई।

आखिरी चेतावनी: नहीं भरा बिल तो कट सकता है कनेक्शन

यह योजना सीमित समय के लिए लागू की गई है और इसकी अंतिम तिथि 30 जून 2026 तय (BPL Electricity Scheme) की गई है। इसके बाद प्रीपेड सिस्टम लागू होने की तैयारी है, जिसमें बकायादार उपभोक्ताओं को सीधे नुकसान उठाना पड़ सकता है। स्पष्ट संकेत दिए गए हैं कि यदि तय समय के भीतर पंजीयन और भुगतान नहीं किया गया, तो बिजली कनेक्शन काटे जाने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

अब फैसला उपभोक्ताओं के हाथ में

यह योजना उन उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ा मौका है, जो लंबे समय से बकाया के बोझ से परेशान हैं। समय रहते पहल करने पर बड़ी राहत मिल सकती है, वहीं लापरवाही आगे चलकर परेशानी बढ़ा सकती है।

Related Articles

Back to top button