Bharat Bandh 12 February : 12 फरवरी को भारत बंद, बैंक, स्कूल, कॉलेज और बाजार पर क्या पड़ेगा असर? जानिए क्या खुला रहेगा, क्या रहेगा बंद
Bharat Bandh 12 February
देश में एक बार फिर भारत बंद का असर देखने को मिल सकता है। विभिन्न केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और किसान संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर 12 फरवरी 2026 (बुधवार) को देशव्यापी हड़ताल (Bharat Bandh 12 February) का आह्वान किया है। इस बंद के चलते कई राज्यों में बैंकिंग सेवाएं, सरकारी दफ्तर, परिवहन और बाजार आंशिक या पूरी तरह प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में आम लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर कल क्या खुला रहेगा और क्या बंद।
जानकारी के अनुसार, इस भारत बंद का आह्वान केंद्रीय ट्रेड यूनियनों द्वारा किया गया है, जिन्हें संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) और अखिल भारतीय किसान सभा (AIKS) जैसे किसान संगठनों का समर्थन प्राप्त है। संगठनों का कहना है कि सरकार द्वारा 29 श्रम कानूनों की जगह लागू की गई चार नई श्रम संहिताएं मजदूरों और कर्मचारियों के हितों के खिलाफ हैं।
क्यों बुलाया गया है भारत बंद
यूनियनों का आरोप है कि नई श्रम संहिताओं से कर्मचारियों के अधिकार कमजोर हुए हैं, नौकरी की सुरक्षा कम हुई है और नियोक्ताओं के लिए कर्मचारियों को निकालना आसान हो गया है। इसके अलावा निजीकरण, वेतन संबंधी मुद्दों और सामाजिक सुरक्षा के अभाव को लेकर भी नाराजगी जताई गई है।
प्रमुख मांगों में चारों श्रम संहिताओं को रद्द करना, बीज विधेयक का मसौदा वापस लेना, विद्युत संशोधन विधेयक और परमाणु ऊर्जा से जुड़े कानूनों को निरस्त करना (Bharat Bandh 12 February) शामिल है। ट्रेड यूनियनें मनरेगा से जुड़े प्रावधानों और रोजगार व आजीविका मिशन को लेकर भी विरोध जता रही हैं।
क्या स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे?
देशव्यापी स्तर पर स्कूल और कॉलेज बंद करने का कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। हालांकि केरल, कर्नाटक और ओडिशा जैसे कुछ राज्यों में स्थानीय परिस्थितियों, परिवहन बाधित होने या संगठनों के समर्थन के चलते शैक्षणिक संस्थान बंद रह सकते हैं। छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे अपने संबंधित स्कूल या कॉलेज से जारी सूचना जरूर जांच लें।
क्या 12 फरवरी को बैंक बंद रहेंगे?
बैंकिंग सेवाओं पर इस भारत बंद का असर पड़ने की पूरी संभावना है। ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज़ एसोसिएशन, AIBOA और BEFI जैसे संगठनों ने बैंक कर्मचारियों से हड़ताल में शामिल होने की अपील की है।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने भी स्पष्ट किया है कि 12 फरवरी को देशव्यापी बैंक हड़ताल के कारण सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि, इस दिन को आधिकारिक बैंक अवकाश घोषित नहीं किया गया है, इसलिए शाखाएं खुली रह सकती हैं लेकिन कामकाज प्रभावित रहेगा।
ग्राहकों को चेक क्लीयरेंस, जमा-निकासी और शाखा सेवाओं में परेशानी हो सकती है। एटीएम और ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं चालू रहने की संभावना है, हालांकि इनमें भी हल्की देरी संभव है। निजी बैंकों में कामकाज सामान्य रह सकता है, लेकिन यह स्थान के अनुसार अलग-अलग हो सकता है।
बाजार और परिवहन का क्या रहेगा हाल
भारत बंद के दौरान कई जगहों पर चक्का जाम, रैलियां और विरोध प्रदर्शन हो सकते हैं। इससे सार्वजनिक परिवहन सेवाएं बाधित होने की आशंका है। जिन इलाकों में प्रदर्शन ज्यादा होंगे, वहां बाजार और दुकानें बंद रह सकती हैं।
सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति कम रहने या आंशिक रूप से कामकाज ठप रहने (Bharat Bandh 12 February) की संभावना है। हालांकि अस्पताल, एम्बुलेंस, स्वास्थ्य सेवाएं और हवाई अड्डे जैसी आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहने की उम्मीद है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा के लिए समय से पहले निकलें।
कुल मिलाकर, 12 फरवरी का भारत बंद आम जनजीवन को आंशिक रूप से प्रभावित कर सकता है। ऐसे में लोगों को जरूरी काम पहले निपटाने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों पर नजर रखने की सलाह दी जा रही है।
