Atal Vihar Colony Raipur : अटल विहार कॉलोनी के लोगों ने लौटाए टैक्स नोटिस, बोले- जब तक विलय नहीं होगा तब तक कर नहीं देंगे

Atal Vihar Colony Raipur
Atal Vihar Colony Raipur : अटल विहार कॉलोनी के मकान मालिकों ने नगरपालिका द्वारा जारी कर नोटिस का विरोध किया है। शनिवार की रात कॉलोनीवासियों की एक बैठक में सभी ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि जब तक कॉलोनी का नगर पालिका में विधिवत विलय नहीं होता तब तक कोई भी कर जमा नहीं किया जाएगा।
बैठक में बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी शामिल हुए। लोगों का कहना है कि अटल विहार कॉलोनी अभी गृह निर्माण मंडल के अधीन है और इसे अब तक नगरपालिका क्षेत्र में शामिल नहीं किया गया है। इसके बावजूद नगर पालिका द्वारा कर संबंधी नोटिस जारी करना अनुचित है।
अटल विहार विकास समिति ने पहले ही नोटिस निरस्तीकरण के लिए पत्राचार किया था लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। बैठक में यह भी चर्चा हुई कि एक ओर हाउसिंग बोर्ड मेंटेनेंस चार्ज की मांग कर रहा है जबकि दूसरी ओर नगर पालिका समेकित कर की मांग कर रही है। इस वजह से कॉलोनीवासी दोहरी कर वसूली की समस्या (Atal Vihar Colony Raipur) का सामना कर रहे हैं।
इसे अन्यायपूर्ण मानते हुए समिति ने निर्णय लिया कि सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत नगरपालिका और हाउसिंग बोर्ड दोनों से संबंधित जानकारी मांगी जाएगी। समिति के सदस्यों ने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि सभी निवासियों की सामूहिक समस्या है। यदि आगे आंदोलन या अन्य कार्रवाई की जरूरत पड़ी तो सभी मिलकर विरोध करेंगे।
अटल विहार विकास समिति के अध्यक्ष संजय चंद्राकर और डीडी कॉलोनी विकास समिति के अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन बिना सुविधाएं दिए कर वसूलने की कोशिश कर रहा है जो उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले कॉलोनी का विधिवत विलय किया जाए और सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं उसके बाद ही कर वसूली (Atal Vihar Colony Raipur) उचित मानी जाएगी।
नगर पालिका के मुख्य अधिकारी ने बताया कि पालिका क्षेत्र में आने वाली संपत्तियों पर कर वसूली पालिका का अधिकार है। हालांकि कॉलोनीवासी प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि वे पहले अधिकार क्षेत्र स्पष्ट करें ताकि दोहरी वसूली की स्थिति खत्म हो सके।