ASP Spa Sting Video : एएसपी-स्पा संचालक स्टिंग VIDEO वायरल, गृहमंत्री बोले-सस्पेंड कर देंगे

ASP Spa Sting Video

ASP Spa Sting Video

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर सिटी के तत्कालीन ASP राजेंद्र जायसवाल और एक्वा स्पा सेंटर संचालक अमन सेन के बीच विवाद अब सार्वजनिक रूप से तेज हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए स्टिंग वीडियो (ASP Spa Sting Video) में कथित कमीशन और दबाव की बातें सामने आने के बाद बिलासपुर IG डॉ. संजीव शुक्ला ने SSP रजनेश सिंह को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। IG ने जांच रिपोर्ट 7 दिन के भीतर प्रस्तुत करने को कहा है।

गृहमंत्री विजय शर्मा ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो (ASP Spa Sting Video) और धमकी के आरोपों की जांच कराई जा रही है और जांच में दोष सिद्ध होने पर संबंधित अधिकारी को सस्पेंड करने की कार्रवाई की जाए। हालांकि, अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है, लेकिन जांच प्रक्रिया जारी है।

वायरल वीडियो (ASP Spa Sting Video) में स्पष्ट रूप से दिखता है कि स्पा संचालक अमन सेन और 36 मॉल के मैनेजर आशीष सिंह चंदेल, तत्कालीन एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल के कार्यालय में पहुंचते हैं। जैसे ही बैठक शुरू होती है, एडिशनल एसपी सीधे सवाल करते हैं कि “तुम्हें काम नहीं करना है क्या?”

स्पा संचालक जवाब देता है कि “काम तो चल रहा है सर।” इसके बाद एडिशनल एसपी कहते हैं, “जिसके जरिए तुम आए हो, उसके लिए मैं कुछ नहीं कहता, लेकिन जो कमिटमेंट है, वह पूरा होना चाहिए। नहीं तो मैं टीम भेजूंगा और रेड करवा दूंगा। मुझे कोई फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन तुम्हें बड़ा फर्क पड़ेगा।”

यह बयान विवाद की मुख्य वजह बन गया है क्योंकि इसमें स्पष्ट रूप से दबाव और धमकी का संकेत है। ASP राजेंद्र जायसवाल ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उनकी छवि खराब की जा रही है। वहीं, स्पा संचालक ने दावा किया कि ASP को 30 हजार रुपये कमीशन दिया जाता था। इस आरोप की जांच SSP रजनेश सिंह कर रहे हैं। फिलहाल, ASP जायसवाल गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पोस्टेड हैं।

सबसे पहले जानिए पूरा मामला क्या है

दरअसल, बिलासपुर सिटी ASP पंकज पटेल और सिविल CSP निमितेश सिंह की टीम ने 7 जनवरी 2026 को एक्वा स्पा समेत कुल 6 स्पा सेंटरों में छापेमारी की थी। इस दौरान स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधियां और रिकॉर्ड में अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद स्पा संचालक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

इसके बाद एक्वा स्पा संचालक अमन सेन ने 9 जनवरी 2026 को IG को लिखित शिकायत दी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि सिविल लाइन पुलिस हर महीने अवैध वसूली करती है। पैसे न देने पर बिना वजह स्पा में चेकिंग कराकर बदनाम करने और व्यवसाय खत्म कर देने की धमकी दी जाती है।

सिविल लाइन में 40 हजार देने का दावा

स्पा संचालक ने अपनी शिकायत में लिखा कि कुछ स्थानीय पुलिस कर्मी प्रति माह अवैध वसूली करते हैं। मांग पूरी नहीं होने पर बार-बार जांच के नाम पर दबाव बनाया जाता है। पहले वह सिविल लाइन थाने में 40 हजार रुपए देता था।

उन्होंने आगे लिखा कि 40 हजार से घटकर वसूली 25 हजार हुई, लेकिन अब कहा जा रहा है कि 30 हजार रुपये अलग से एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल को देना होगा। पैसे नहीं देने पर रेड मारने की धमकी दी जा रही है।

वहीं, बिलासपुर के तत्कालीन ASP राजेंद्र जायसवाल के साथ बातचीत के दौरान बातचीत को चुपके से रिकॉर्ड किया गया। यह वीडियो IG डॉ. संजीव शुक्ला को सबूत के तौर पर दिया गया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। साथ ही, मीडिया कर्मियों को भी यह वीडियो उपलब्ध कराया गया।