झारखण्ड

Anushka Munda : फुटबॉल खिलाड़ी अनुष्का मुंडा से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मुलाकात

झारखंड की उभरती हुई अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी एवं प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित अनुष्का कुमारी मुंडा (Anushka Munda) ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने अनुष्का को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

https://youtu.be/F9poNQALsdo

मुख्यमंत्री ने कहा कि नया साल अनुष्का (Anushka Munda) के लिए उपलब्धियों से भरा हो और वह अपने खेल के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय मंच पर राज्य और देश का नाम रोशन करे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अनुष्का को सम्मानित करते हुए स्पोर्ट्स किट भी प्रदान की। उन्होंने आश्वस्त किया कि वह पूरी निश्चिंतता के साथ अपने खेल पर ध्यान दें, सरकार हर स्तर पर उनके साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार ऐसी प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, ताकि वे खेलों की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

रुक्का गांव में बनेगा खेल मैदान

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि ओरमांझी प्रखंड स्थित रुक्का गांव में एक खेल मैदान विकसित किया जाए, ताकि स्थानीय बच्चों और युवाओं को खेल अभ्यास की सुविधा मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने रांची के उप विकास आयुक्त को अनुष्का के परिजनों को राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी खिलाड़ी की प्रतिभा दबनी नहीं चाहिए। सरकार का लक्ष्य है कि हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी को आगे बढ़ने का अवसर मिले और झारखंड खेलों के क्षेत्र में एक मजबूत पहचान स्थापित करे।

संघर्ष से सफलता तक अनुष्का की प्रेरक कहानी

अनुष्का मुंडा आज अपनी शानदार गोल क्षमता के कारण फुटबॉल जगत में “गोल मशीन” के नाम से पहचानी जाती हैं। हालांकि उनकी सफलता की राह आसान नहीं रही। सीमित संसाधनों और पारिवारिक संघर्षों के बीच उन्होंने अपने जुनून और मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया।

उनके पिता दिव्यांग हैं और माता दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद अनुष्का ने हार नहीं मानी और निरंतर अभ्यास के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच बनाई।

https://youtu.be/62QMoLCfm18

कम उम्र में कई बड़ी उपलब्धियां

अनुष्का को 26 दिसंबर 2025 को राष्ट्रीय वीर बाल दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्वारा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वह मार्च में चीन में होने वाली एशियाई अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। इससे पहले भूटान में आयोजित सैफ अंडर-17 प्रतियोगिता में सर्वाधिक गोल कर ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ बनी थीं। वर्तमान में वह हजारीबाग स्थित आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण ले रही हैं।

Related Articles

Back to top button